टीका योग्यता सूची में शामिल देशों की निरंतर समीक्षा की जा रही है: ब्रिटेन सरकार के सूत्र

UK vaccination new rule
प्रतिरूप फोटो

ब्रिटैन के एक आधिकारिक सूत्र के अनुसार, देशों की सूची की निरंतर समीक्षा की जा रही है। हमें उम्मीद है कि उसमें और देशों को शामिल किया जाएगा। लेकिन इसके लिये कोई समयसीमा निर्धारित नहीं है।

ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय यात्रा से संबंधित कोविड-19 टीका पात्रता सूची में शामिल देशों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। ब्रिटिश सरकार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने शुक्रवार को कहा कि इस सूची में 18 देश शामिल हैं, लेकिन भारत को जगह नहीं दी गई है। सूची में शामिल देशों के यात्रियों के टीकाकरण प्रमाण पत्र को मान्यता दी गई है जबकि अन्य देशों के यात्रियों को ब्रिटेन पहुंचने पर पृथकवास में रहना अनिवार्य होगा।

इसे भी पढ़ें: कोविशील्ड ब्रिटेन के स्वीकृत टीकों की सूची में शामिल, पर भारतीयों को नियमों का पालन करना होगा

ब्रिटेन के इस कदम के जवाब में भारत ने जवाबी कदम उठाते हुए टीका लगवा चुके ब्रिटिश यात्रियों के लिये भारत आने पर पृथकवास में रहना सोमवार से अनिवार्य कर दिया है। ब्रिटेन सरकार ने भारत की इस योजना पर आधिकारिक रूप से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, देशों की सूची की निरंतर समीक्षा की जा रही है। हमें उम्मीद है कि उसमें और देशों को शामिल किया जाएगा। लेकिन इसके लिये कोई समयसीमा निर्धारित नहीं है।

इसे भी पढ़ें: यात्रियों के लिए नयी टीका नीति पर भारत ने ब्रिटेन को चेताया

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़