यमन विद्रोहियों ने नहीं पहुंचने दी मानवीय सहायता

[email protected] । Nov 21 2016 1:35PM

हुथी विद्रोहियों ने घेरेबंदी वाले पश्चिमी शहर तैज तक खाद्य पदार्थ के रूप में भेजी गई मानवीय सहायता पहुंचने नहीं दी। यमन के सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सना। हुथी विद्रोहियों ने घेरेबंदी वाले पश्चिमी शहर तैज तक खाद्य पदार्थ के रूप में भेजी गई मानवीय सहायता पहुंचने नहीं दी। यमन के सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के 18 ट्रकों को तैज के उत्तर में स्थित इब शहर से निकलने ही नहीं दिया गया। पिछले साल से शिया हुथी विद्रोहियों और सहयोगी बलों ने तैज की घेराबंदी कर रखी है।

सऊदी नीत गठबंधन की ओर से शनिवार को घोषित 48 घंटे के संघर्षविराम के दौरान तैज को सहायता आपूर्ति का प्रयास किया गया था। यह गठबंधन हुथियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार को समर्थन दे रहा है। बहरहाल, डब्ल्यूएफपी की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने संघर्षविराम का स्वागत करते हुए सभी दलों से मानवीय सहायता की आपूर्ति सहित इसके नियमों का पालन का अनुरोध किया। रविवार को जारी एक बयान में केरी ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका यमन में व्यापक शांति समझौते की दिशा में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत इस्माइल उद शेख अहमद द्वारा इस महीने के अंत में बातचीत को फिर से शुरू करने के प्रयासों का समर्थन करेगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

All the updates here:

अन्य न्यूज़