कांग्रेस ने हिंदू संस्कृति को आतंकवाद से जोड़ने का पाप कियाः शाह

अमित शाह ने कांग्रेस पर ''भगवा आतंकवाद और हिंदू आतंकवाद’ के नाम पर देश को बदनाम करने का आरोप लगाया और कहा कि 2007 के मक्का मस्जिद विस्फोट मामले में आरोपियों के बरी होने के बाद राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।
बेंगलुरु। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कांग्रेस पर 'भगवा आतंकवाद और हिंदू आतंकवाद’ के नाम पर देश को बदनाम करने का आरोप लगाया और कहा कि 2007 के मक्का मस्जिद विस्फोट मामले में आरोपियों के बरी होने के बाद राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने महान हिंदू संस्कृति को आतंकवाद से जोड़ने का पाप किया है। उन्होंने यहां पार्टी के 'शक्ति केंद्र’ की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ''महान हिंदू संस्कृति ने लाखों वर्षों से विश्व को संस्कृति, शांति और सभ्यता के बारे में शिक्षा दी। कांग्रेस ने इसे भगवा आतंकवाद से जोड़कर पाप किया है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने 'भगवा आतंकवाद’ और 'हिंदू आतंकवाद’ जैसी शब्दावलियों का इस्तेमाल कर कई वर्षों तक दुनिया भर में देश को बदनाम किया। उन्होंने कहा, ''राहुल जी, आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। अब कांग्रेस कह रही है कि उसने इन शब्दों का कभी इस्तेमाल नहीं किया। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित कई कांग्रेस नेताओं द्वारा इन शब्दावलियों का उपयोग किया जाना रिकॉर्ड पर है।’’
मक्का मस्जिद विस्फोट के आरोपियों के बरी होने के मद्देनजर भाजपा की ओर से हमले किए जाने के बाद कांग्रेस ने कहा कि 'भगवा आतंकवाद’ जैसी कोई बात नहीं की गई और आतंकवाद को किसी धर्म या समुदाय से नहीं जोड़ा जा सकता। कांग्रेस ने इस बात पर भी जोर दिया कि उसके नेता राहुल गांधी और पार्टी ने कभी इन शब्दावलियों का इस्तेमाल नहीं किया। शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की ओर से 1985 में दिए उस बयान को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला जिसमें राजीव ने आम चुनाव में भाजपा को दो सीटें मिलने पर कहा था, 'हम दो, हमारे दो।’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''राजीव गांधी जी ने उस वक्त हम पर कटाक्ष किया था जब हमारे पास सिर्फ दो सांसद थे। आज संसद में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है और 1600 से अधिक विधायक हैं, 20 राज्यों में सरकारें हैं और कई नगर निगमों और नगरपालिकाओं में भी भाजपा सत्ता में है।’’
अन्य न्यूज़