हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्षों की यात्रा- ‘भाषा‘ पत्रिका का विशेषांक

book review
Prabhasakshi
डॉ किरण झा । Jun 16 2026 1:03PM

संस्मरण स्तंभ में पत्रकारिता जगत का जाना-पहचाना चेहरा अरुण कुमार नैथानी का लेख “बदलते परिदृश्य में नए साँचे में ढलती पत्रकारिता“ परंपरागत पत्रकारिता के सफ़र और आधुनिक पत्रकारिता के पेशेवर स्वरूप को दर्शाता हुआ नवीन पहलुओं पर बात करता है। ‘भाषा‘ पत्रिका में आलेख के साथ-साथ ‘परख’ स्तंभ में पुस्तक समीक्षा प्रकाशित की जाती है।

30 मई 1826 में कलकत्ता से हिंदी का पहला समाचार पत्र उदंत मार्त्तंड का प्रकाशन होता है। 8 पृष्ठों में छपने वाला यह समाचार पत्र सूर्य की वह रोशनी थी जिसके प्रकाश ने ज्ञान के पथ को आलोकित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। पराधीन भारत में बंगाल की धरती पर हिंदी समाचार पत्र का प्रकाशन महत्त्वपूर्ण घटना थी। इस समाचार पत्र के संपादक युगल किशोर शुक्ल ने हिंदुस्तानियों के हित के हेत यह साहसिक और प्रेरणादायी पहल की। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को रेखांकित करते हुए केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक प्रोफेसर हितेंद्र कुमार मिश्र के कुशल नेतृत्व और प्रधान संपादकत्व में केंद्रीय हिंदी निदेशालय ने भाषा पत्रिका के विशेषांक ''हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष (हिंदीतरभाषी हिंदी पत्रकारिता के विशेष संदर्भ में)“ का मई-जून 2026 अंक प्रकाशित किया है। 

केंद्रीय हिंदी निदेशालय भाषा पत्रिका के माध्यम से समस्त भारतीय भाषाओं के मध्य एकसूत्रता और समरसता को दर्शाता है। केंद्रीय हिंदी निदेशालय संविधान की समस्त भाषाओं के उत्कृष्ट साहित्य को संकलित, संपादित कर पाठकों तक पहुँचाने का प्रयत्न करता है। इस क्रांतिकारी और  राष्ट्रीय भाव के अवसर को अविस्मरणीय बनाने और मजबूती प्रदान करने के लिए केंद्रीय हिंदी निदेशालय ने अपनी स्थापना के 66वें वर्ष में इस लोकोपयोगी और विशिष्ट विशेषांक का प्रकाशन कर राष्ट्र को समर्पित किया है। जहाँ इस विशेषांक में हिंदी पत्रकारिता के पुरोधा संपादकों और पत्रकारों पर केंद्रित आलेखों को स्थान दिया गया है वहीं विशेष बल हिंदीतरभाषी हिंदी पत्रकारिता को दिया गया है। यह प्रयास अखंड भारत और भारतीयता के भाव को मजबूती प्रदान करता है। अभी हाल ही में हिंदी पत्रकारिता के बहुचर्चित व्यक्तित्व विजयदत्त श्रीधर जी का अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज़ “समग्र भारतीय पत्रकारिता“ ग्रंथ के रूप में प्रकाशित हुआ है। विशेषांक का प्रथम लेख विजयदत्त श्रीधर जी का “उदंत मार्तण्ड की द्विशताब्दी (हिंदी पत्रकारिता के दो सौ साल“ है। विजयदत्त श्रीधर की लेखनी से प्रसूत यह आलेख पाठकों के लिए अत्यंत उपादेय और जानकारियों से लैस है। संजीव भानावत के ‘गैर हिंदी कलम की ताक़त से समृद्ध हुई हिंदी पत्रकारिता’ हिंदीतरभाषी हिंदी पत्रकारिता के योगदान को रेखांकित करता है। संजय द्विवेदी के ‘स्वतंत्रता आंदोलन में भारतीय भाषाओं की पत्रकारिता का योगदान’ शीर्षक लेख में स्वाधीनता आंदोलन की भयावह परिस्थितियों में सामाजिक चेतना जगाने के उत्तरदायित्व का निर्वहन करने में भारतीय भाषाओं के मुखर पक्षों को दर्शाया गया है। मणिपुर की हिंदी पत्रकारिता को आगे बढ़ाने में स्थानीय पत्र पत्रकारिता के योगदान का उल्लेख करता हुआ लोंगजम रोमी देवी का आलेख महत्वपूर्ण है। बहुचर्चित लेखक और विचारक मोहनदास नैमिशराय का महत्त्वपूर्ण लेख “सामाजिक न्याय से जुड़ी पत्रकारिता” इस अंक को समृद्ध करता है। बंगाल की धरती से सोमा बंद्योपाध्याय का आलेख ‘नवजागरणकालीन भारतीय पत्रकारिता: बांग्ला एवं हिंदी के विशेष संदर्भ में‘ नवजागरण काल की परिस्थितियों में पत्रकारिता की यात्रा और योगदान की विशेष रूप से व्याख्या प्रस्तुत करता है। 

इसे भी पढ़ें: हमारी किताब का विमोचन (व्यंग्य)

संस्मरण स्तंभ में पत्रकारिता जगत का जाना-पहचाना चेहरा अरुण कुमार नैथानी का लेख “बदलते परिदृश्य में नए साँचे में ढलती पत्रकारिता“ परंपरागत पत्रकारिता के सफ़र और आधुनिक पत्रकारिता के पेशेवर स्वरूप को दर्शाता हुआ नवीन पहलुओं पर बात करता है।  ‘भाषा‘ पत्रिका में आलेख के साथ-साथ ‘परख’ स्तंभ में पुस्तक समीक्षा प्रकाशित की जाती है। 

हिंदीतरभाषी हिंदी पत्रकारिता के इस विशेषांक में यह प्रयास रहा है कि समग्र भारतीय पत्रकारिता: 3 खंडों के इस विशाल ग्रंथ में संचित ज्ञानकोश को सधे शब्दों और प्रभावी रूप में पाठकों तक पहुँचाया जाए। इस ग्रंथ की हिंदी के सशक्त हस्ताक्षर प्रोफेसर अमरनाथ द्वारा की गई समीक्षा इस अंक में प्रकाशित हुई है। यह पाठकों के विशाल वर्ग के लिए हिंदी पत्रकारिता के वृहत कालखंड को प्रथमदृष्टया जानने और समझने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। भाषा पत्रिका के इस अंक में भारत के पूर्वोत्तर की हिंदी पत्रकारिता में असम की पत्रकारिता को दर्शाते हुए अनुशब्द का लेख है। पूर्वोत्तर की हिंदी पत्रकारिता के विस्तृत कालखंड को दर्शाते हुए नूरजहाँ रहमातुल्लाह का आलेख सम्मिलित है। अखिलेश शंखधर का मणिपुर की ‘महिप‘ पत्रिका पर केंद्रित लेख मणिपुर की हिंदी पत्रकारिता के योगदान को दर्शाता है। हैदराबाद से प्रकाशित होनेवाली ‘कल्पना’ पत्रिका को केंद्र में रखकर प्रदीप त्रिपाठी का लेख ‘कविता के विकास में कल्पना पत्रिका की भूमिका’ दक्षिण की पत्रकारिता को दर्शाता है। सुधा सिंह का ‘विशाल भारत के सन् 1947 के अंक’ तत्कालीन समय का दस्तावेज प्रस्तुत करता है। खोजी पत्रकारिता, फ़ीचर पत्रकारिता, स्त्री पत्रकारिता, राष्ट्रीय चेतना का ज्वलंत पत्र ‘हिंदी केसरी', सुनील तिवारी का लेख ‘हिंदी पत्रकारिता की वृहत्रयी के महत् रत्न पं. लक्ष्मण नारायण गर्दे‘  हिंदीतरभाषी पत्रकारों के अविस्मरणीय योगदान को पाठकों के समक्ष रखता है, अंजुम शर्मा का ‘हिंदी पत्रकारिता में सोशल मीडिया की सेंध’ वर्तमान समय में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर अपना मत रखता है, भारत भूषण अरजारिया का लेख ‘भारतीय स्वातंत्र्य समर और गणेश शंकर विद्यार्थी की क्रांतिधर्मी पत्रकारिता‘ भारतीय पत्रकारिता के पुरोधा गणेश शंकर विद्यार्थी के संघर्ष और बलिदान को रेखांकित करता है। बाल पत्रकारिता, आदिवासी पत्रकारिता, कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में हिंदी पत्रकारिता का स्वरूप और प्रदेय जैसे महत्त्वपूर्ण लेखों को इस विशेषांक में स्थान दिया गया है। 

साक्षात्कार स्तंभ के अंतर्गत “अच्युतानंद मिश्र से इष्टदेव सांकृत्यायन की बातचीत: समाज में आई नैतिक गिरावट का असर पत्रकारिता पर भी” जानकारियों और घटनाओं के गवाक्ष खोलते हैं जिससे पाठक समय के उस कालखंड और घटनाओं के उस वृत्त के आसपास की परिस्थितियों से साधारणीकरण कर पाता है। वरिष्ठ हिंदी लेखक और पत्रकार त्रिलोकदीप का संस्मरणात्मक लेख साहित्यानुरागियों और शोधार्थियों के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराता है।  

केंद्रीय हिंदी निदेशालय की ‘भाषा‘ पत्रिका का मई-जून 2026 (विशेषांक) “हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष (हिंदीतरभाषी प्रांतों की हिंदी पत्रकारिता के विशेष संदर्भ में) ''पाठकों, शोधार्थियों, साहित्यानुरागियों के लिए समग्र भारत की तस्वीर को समेटते हुए उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम की हिंदी पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं और योगदान को रेखांकित करता है। केंद्रीय हिंदी निदेशालय, उच्चतर शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय की ‘भाषा’, द्वैमासिक पत्रिका हिंदी और भारतीय भाषा सरोकारों के प्रति समर्पित पत्रिका है। समय-समय पर भाषा पत्रिका में साहित्यिक, भाषाई तथा लोक और संस्कृति के चिंतन को समस्त भारतीय भाषाओं के कलेवर में पाठकों के हित में प्रस्तुत किया जाता है।

- डॉ. किरण झा 

(संपादन मंडल, भाषा पत्रिका) 

सहायक निदेशक 

केंद्रीय हिंदी निदेशालय 

उच्चतर शिक्षा विभाग 

शिक्षा मंत्रालय

All the updates here:

अन्य न्यूज़