जब पौधा बन गया मित्र (बाल कहानी)

Plant
AI-Generated
संतोष उत्सुक । Nov 28 2026 7:08PM

अनुभूति ने अपने भैया आभास की मदद से पौधे को एक बड़े गमले में लगा दिया। गुड़ाई की, गोबर से बनी खाद डाली, पानी दिया व खुली हवा में रख दिया। सुबह उठते ही अनुभूति को पौधे का ख्याल आया। वह पौधे के पास गई, उसे अपने हाथों से छुआ। पौधा स्वस्थ दिख रहा था। लग रहा था उसे नया जीवन मिल गया है।

अनुभूति के पापा का कार्यालय जिस बिल्डिंग में था उसमें एक नया कार्यालय खुला। कार्यालय प्रबंधक ने हरा भरा व सुंदर दिखने के लिए, मिटटी के गमलों में लगे खूबसूरत कुदरती पौधे रखवाए। कुछ पौधों में सुन्दर फूल भी खिले हुए थे। कई दिन तक पौधों को पानी देते रहे लेकिन उसके बाद किसी ने भी ध्यान नहीं रखा। उन्हें उचित समय पर धूप व प्राकृतिक हवा नहीं मिल पाई। गुड़ाई और खाद तो दूर की बात, यहां तक कि उन्हें पानी भी मुश्किल से मिला करता।

नया कार्यालय होने के कारण कार्य अधिक रहता तो प्रबन्धक समेत सब अपना काम निबटा कर देर शाम को घर चले जाते। सभी की उदासीनता के कारण अधिकांश पौधे परेशान हो सूखते गए, केवल एक पौधा जो आकार में बड़ा व जानदार था, बचा रहा।

एक दिन अनुभति, अपने पापा के साथ उस कार्यालय में गई तो उसकी नजर उस पौधे पर पड़ी तो उसे अच्छा नहीं लगा । निढाल, उदास, भूखे प्यासे पौधे ने महसूस किया कि इस बच्ची ने उसकी दयनीय हालत देख ली है। पौधे ने, मौत से जूझ रही जड़ों में, बची खुची ताकत इक्कठ्ठी की और मां प्रकृति से निवेदन किया, ‘काश यह अच्छी बच्ची उसे अपने घर ले जाए, अगर ऐसा नहीं हुआ तो कल तक तो मैं मर जाऊंगा।’

अनुभूति ने वापस आते समय कहा, ‘पापा देखिए, कितना सुंदर पौधा है लेकिन मुरझाया हुआ है। लगता है यहां कोई इसकी देखभाल नहीं करता। क्या हम इसे अपने घर ले जा सकते हैं।’ पौधे की प्रार्थना, प्रकृति ने अनुभूति के माध्यम से सुन ली थी। मानो उसने अनुभूति से भी कहा, ‘यहां घुटन के मारे मेरी जान निकली जा रही है। मैं जीना चाहता हूं तुम मुझे यहां से ले चलो। अपने घर में जगह दोगी तो बड़ा  उपकार होगा, दीदी।’

इसे भी पढ़ें: उत्सवों के साथ जीना (व्यंग्य)

अनुभूति ने पहले पौधे में, अपनी वाटर बोतल से पानी डाला फिर पापा से कहा कि वे कार्यालय प्रबन्धक से अभी बात करें। उसके पापा इनकार नहीं कर सके उन्होंने प्रबंधक से आग्रह किया तो वह भी आराम से मान गए।

अनुभूति ने अपने भैया आभास की मदद से पौधे को एक बड़े गमले में लगा दिया। गुड़ाई की, गोबर से बनी खाद डाली, पानी दिया व खुली हवा में रख दिया। सुबह उठते ही अनुभूति को पौधे का ख्याल आया। वह पौधे के पास गई, उसे अपने हाथों से छुआ। पौधा स्वस्थ दिख रहा था। लग रहा था उसे नया जीवन मिल गया है। अनुभूति ने महसूस किया कि पौधा हिलते हुए, मुस्कुराकर उसका धन्यवाद कर रहा है। आभास भैया को दिखाया तो उसने भी अनुभूति की कोशिश की खूब तारीफ़ की। अब दोनों मिलकर, दूसरे पौधों के साथ नियमित रूप से नए पौधे का भी पूरा ख्याल रखने लगे। पौधा धीरे धीरे बढ़ने लगा, कुछ दिन बाद उसमें बहुत सुंदर फूल खिले।

कुछ दिनों बाद शहर में पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन होना था। इस बारे समाचार पत्र के साथ आए एक पेम्फलेट से पता चला तो अनुभूति के पापा ने उसे अपने खास पौधे को प्रदर्शनी में रखने बारे कहा। उसने पौधे के पास जाकर मन ही मन उससे बात की तो पौधे ने कहा, ‘दीदी, आप मुझे प्रदर्शनी में ज़रूर लेकर जाना, मुझे बहुत अच्छा लगेगा।’

अनुभूति और आभास दोनों पौधे को प्रदर्शनी में ले गए तो सभी ने बहुत प्रशंसा की क्योंकि उस जैसे सुन्दर फूल, दूसरे किसी प्रतियोगी के पौधे में नहीं खिले थे। स्वाभाविक है निर्णायकों की टीम को भी फूल और पौधा पसंद आने ही थे, हुआ भी ऐसा और सभी के एकमत से उसे प्रथम पुरस्कार मिला । बहन भाई की ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा । अनुभूति ने घर आकर पौधे को खूब प्यार से छूकर, बहुत धन्यवाद किया तो पौधे ने कहा, ‘क्या बात करती हो दीदी, जब तुम मेरी जान बचा सकती हो, तो क्या मैं पुरस्कार नहीं दिला सकता?’

अगली सुबह सभी अखबारों में प्रथम पुरस्कार विजेता पौधे और अनुभूति का चित्र साथ छपा। इस घटना ने उसके अड़ोस पड़ोस में रहने वाले बच्चों के दिल में भी फूल पौधों के प्रति प्यार खूब बढ़ा दिया।

- संतोष उत्सुक

All the updates here:

अन्य न्यूज़