Mumbai में 29 नवंबर 2008 को NSG कमांडो दस्ते ने Taj Hotel को आतंकियों से कराया था मुक्त

Mumbai में 29 नवंबर 2008 को NSG कमांडो दस्ते ने Taj Hotel को आतंकियों से कराया था मुक्त
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मुंबई पर 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमलों के बाद 29 नवंबर को सुरक्षा बलों का अभियान पूरा हुआ था। एनएसजी और मरीन कमांडो ने ताज होटल को आतंकियों से मुक्त कराकर 150 से अधिक लोगों की जान लेने वाले इस हमले का अंत किया। इतिहास में 29 नवंबर की तारीख यूरी गागरिन की भारत यात्रा और जेआरडी टाटा के निधन से भी जुड़ी है।

देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई पर आतंकवादी हमले की काली छाया आखिरकार 29 नवंबर, 2008 को उस समय हटी, जब एनएसजी कमांडो दस्ते ने ताज होटल को आतंकियों के कब्जे से मुक्त करा लिया। आतंकवादियों ने 26 नवंबर, 2008 की रात को महानगर में कई जगह हमले किये और कई विदेशियों समेत बहुत से लोगों को बंधक बना लिया। इस दौरान 150 से ज्यादा लोग मारे गये।

तीन दिन तक जैसे पूरे देश में आतंक का अंधेरा पसरा रहा और देश के कई जांबाज सपूतों ने अपनी जान पर खेलकर इस अंधेरे का खात्मा किया। सेना, मरीन कमांडो और एनएसजी कमांडो की कोशिशों से हमलावर आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया और एक आतंकवादी को जिंदा पकड़ लिया गया, जिसे बाद में फांसी की सजा दी गई। देश-दुनिया के इतिहास में 29 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1947 : फलस्तीन के बंटवारे के लिए संयुक्त राष्ट्र ने प्रस्ताव पारित किया।

हालांकि, इसे लागू नहीं किया गया। 1949 : पूर्वी जर्मनी में यूरेनियम की खदान में भीषण विस्फोट से 3700 लोगों की मौत। 1961 : दुनिया के पहले अंतरिक्ष यात्री रूस के यूरी गागरिन भारत की यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंचे।

1963 : कनाडा एयरलाइंस के एक विमान के उड़ान भरने के तत्काल बाद दुर्घटनाग्रस्त होने से 118 लोगों की मौत। 1975 : ब्रिटेन के मोटर रेसिंग के महानतम ड्राइवर ग्राहम हिल दक्षिण पूर्व इंग्लैंड में एक विमान दुर्घटना में मारे गये। 1993 : आधुनिक भारत को अपने औद्योगिक कौशल से समृद्ध बनाने वाले उद्योगपतियों में शुमार जे आर डी टाटा का निधन।

2006 : पाकिस्तान ने मध्यम दूरी वाले प्रक्षेपास्त्र का सफल परीक्षण किया। इसे हत्फ-4 का नाम दिया गया और शाहीन-। भी कहा गया।

2008 : गहन अभियान के बाद मुंबई को तीन दिन से पसरी आतंक की काली छाया से मुक्ति मिली। 2012 : संयुक्त राष्ट्र महासभा ने फलस्तीन को गैर-सदस्य पर्यवेक्षक का दर्जा दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़