केरल में आईएस से संबंध रखने वाले दो और संदिग्ध गिरफ्तार

2 more with alleged IS links held in Kerala
[email protected] । Oct 26 2017 5:24PM

पुलिस ने आज दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आज हुई इन गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में कुल गिरफ्तार संदिग्धों की संख्या बढ़कर पांच हो गयी।

कन्नूर। आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट से संबंध रखने के संदेह में पुलिस ने आज यहां दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आज हुई इन गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में कुल गिरफ्तार संदिग्धों की संख्या बढ़कर पांच हो गयी। कन्नूर जिले के पुलिस उपाधीक्षक पीपी सदानंदन ने बताया कि थालास्सेरी के रहने वाले हमजा उर्फ तालिबान हमजा और मनाफ को आज सुबह गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया, ‘‘हमजा, राज्य के युवाओं को आईएस समूह में भर्ती करवाने में शामिल था और उसके आतंकी समूह के आकाओं से मजबूत संबंध हैं। वह खाड़ी देशों में 20 साल से भी अधिक समय से काम कर रहा है।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि करीब छह माह पहले अधिकारियों ने मनाफ को मेंगलूर हवाई अड्डे से उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह देश छोड़कर जा रहा था। उन्होंने बताया कि पिछले महीने से इन पांचों व्यक्तियों की निगरानी की जा रही थी।

आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 38 और 39 के तहत आरोप लगाये गये हैं। उन्होंने बताया कि आज दिन में उन्हें थालास्सेरी सत्र जिला अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चक्करक्कल और वलपट्टिनम जिले से कल तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) एक समयावधि के दौरान केरल से रहस्यमयी परिस्थितियों में कम से कम 21 लोगों के लापता होने के मामले की जांच कर रही है। आशंका है कि ये लापता लोग आईएसआईएस समूह में शामिल हो गए हैं। इनमें से 17 लोग कासरगोड के रहने वाले हैं और चार लोग पलक्कड़ के हैं। इसमें तीन महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़