सोमनाथ भारती पर स्याही फेंकने के मामले में केजरीवाल ने योगी आदित्यनाथ पर साधा निशाना

Somnath Bharti

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए पूछा कि वह सरकारी विद्यालयों को दिखाने में इतना घबराए हुए क्यों हैं।

नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती के ऊपर राय बरेली में स्याही फेंकने की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के अपने समकक्ष योगी आदित्यनाथ पर सोमवार को निशाना साधा है। सोमवार को भारती के ऊपर रायबरेली में स्याही फेंकने की घटना सामने आई और बाद में उन्हें कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उन्हें आपराधिक तरीके से धौंस दिखाने और समूहों के बीच वैमनस्यता फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह मामला सोमनाथ भारती द्वारा उत्तर प्रदेश के अस्पतालों और आदित्यनाथ को लेकर उनकी कथित टिप्पणी से जुड़ा है। केजरीवाल ने इस घटना को लेकर आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए पूछा कि वह सरकारी विद्यालयों को दिखाने में इतना घबराए हुए क्यों हैं। 

इसे भी पढ़ें: 'UP के अस्पतालों में पैदा होते हैं कुत्ते के बच्चे' वाला बयान देने वाले AAP नेता सोमनाथ भारती अरेस्ट 

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ योगी जी, हमारे विधायक सोमनाथ भारती जी आपका विद्यालय देखने जा रहे थे। उन पर स्याही फेंकी गई? क्या आपके विद्यालयों की स्थिति बेहद खराब है? अगर कोई आपका विद्यालय देखने जाता है तो आप इतना डर क्यों जाते हैं? विद्यालय को ठीक कीजिए। अगर आपको नहीं पता है कि विद्यालय कैसे ठीक होते हैं तो मनीष सिसोदिया से पूछिए।’’ केजरीवाल ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ वैसे विद्यालय जिसे आप दिखाने में शर्मिंदगी महसूस करते हैं, वहां उत्तर प्रदेश में हमारे बच्चे उन विद्यालयों में पढ़ते हैं। आप उत्तर प्रदेश के करोड़ों बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं।’’ पिछले साल केजरीवाल ने अपनी पार्टी द्वारा 2022 में उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़