अंकिता भंडारी के माता-पिता की हिरासत पर बोले अभिषेक बनर्जी, BJP पर अधिकारों के हनन का आरोप

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे अंकिता भंडारी के परिजनों को हिरासत में लिए जाने पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिवार को 2022 के हत्याकांड में न्याय मांगने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को प्रतिबंधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने अंकिता भंडारी के माता-पिता के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की, जिन्हें इंडिया गेट पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। डायमंड हार्बर से सांसद ने सोशल मीडिया पर एक कड़े पोस्ट में आरोप लगाया कि नागरिकों को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध करने, असहमति जताने और सरकार से सवाल पूछने के उनके अधिकार पर लगातार पाबंदियों का सामना करना पड़ रहा है।

अंकिता के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि एक शोक संतप्त परिवार को अपनी आवाज उठाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग कर रहे थे और 2022 में हुई उसकी हत्या में कथित ‘वीआईपी’ के पहलू पर सवाल उठा रहे थे। अंकिता के माता-पिता को बृहस्पतिवार तड़के कांग्रेस के कुछ नेताओं के साथ हिरासत में लिया गया था।

हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़