Agra शिक्षक सीट: तीन केंद्रों पर 57.16% Re-polling, मतगणना कल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से पुनर्मतदान संपन्न हो गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार इन केंद्रों पर कुल 57.16 फीसदी वोट पड़े। चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर सोमवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने यहां जारी एक बयान में यह जानकारी दी। इन केंद्रों पर कुल 57.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निर्वाचन अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान केंद्र संख्या 20 (तहसील परिसर, खैरागढ़) पर 51.60 प्रतिशत, मतदान केंद्र संख्या 21 (क्षेत्र पंचायत कार्यालय, सैयां) पर 58.23 प्रतिशत और मतदान केंद्र संख्या 26 (क्षेत्र पंचायत कार्यालय, फतेहाबाद) पर 58.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार (24 अक्टूबर) को इन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने की सिफारिश की थी। इससे पहले, रिणवा ने बताया था कि निर्वाचन आयोग ने तीनों मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है।

इन मतदान केंद्रों पर 23 अक्टूबर को हुए मतदान को जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58ए(2)(ए) के तहत अमान्य घोषित कर दिया गया था। यह पुनर्मतदान ऐसे समय हुआ है, जब समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार और शनिवार को आगरा सहित कई जिलों में विधान परिषद चुनावों के दौरान अनियमितताओं व बूथ पर कब्जा करने के आरोप लगाए थे। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को चुनाव के दौरान बूथ पर कब्जा किए जाने को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को शिकायत भी सौंपी थी।

विधान परिषद चुनावों के लिए मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़