अखिलेश का बड़ा आरोप, अराजकता और जंगलराज की गिरफ्त में है पूरा उत्तर प्रदेश

Akhilesh yadav
अंकित सिंह । Apr 16 2022 6:35PM

अखिलेश यादव ने साफ तौर पर आरोप लगाया कि पूरा राज्य अराजकता और जंगलराज की गिरफ्त में है। अपने बयान में उन्होंने कहा कि गत 5 वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है। पूरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुलडोजर का स्टेयरिंग लिए विपक्षियों के पीछे घूम रहे हैं जबकि सत्ता संरक्षित अपराधी लगातार कहर बरपा रहे हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा कानून व्यवस्था को लेकर कई बड़े दावे करती है। इस बार के विधानसभा चुनाव में भी हमने देखा कि यूपी में कानून व्यवस्था का मुद्दा बहुत ज्यादा था और लोगों में इस बात को लेकर संतोष भी रहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में कानून व्यवस्था अच्छी हुई है। हालांकि एक बार फिर से उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर कई बड़े सवाल उठाए हैं। अखिलेश यादव ने साफ तौर पर आरोप लगाया कि पूरा राज्य अराजकता और जंगलराज की गिरफ्त में है। अपने बयान में उन्होंने कहा कि गत 5 वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है। पूरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुलडोजर का स्टेयरिंग लिए विपक्षियों के पीछे घूम रहे हैं जबकि सत्ता संरक्षित अपराधी लगातार कहर बरपा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: बिना नाम लिए अपर्णा का अखिलेश पर हमला, जो लोग योगी को मठ भेजने की बात करते थे, उन पर बजेगा लट्ठ

इसके साथ ही सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का कथित जीरो टॉलरेंस का निर्णय निर्णय लोकभवन के अंदर या मुख्यमंत्री आवास तक ही सीमित नज़र आता है। उन्होंने दावा किया कि अपराधी तत्व बेफिक्र होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पूरे प्रदेश में जंगल राज नज़र आता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल में घटित कुछ प्रमुख आपराधिक वारदातों का जिक्र करते हुए कहा, फिरोजाबाद में बेखौफ बदमाश सर्राफ को गोली मारकर जेवरों से भरा बैग लूट ले गए। संत कबीरनगर में अपहरण करके बालक की हत्या कर दी गई। प्रतापगढ़ के जेठवारा क्षेत्र के नारायनपुर में भी एक सर्राफा व्यापारी को लूट के बाद गोली मारकर बदमाश भाग गए। प्रयागराज में नवाबगंज में राहुल तिवारी के परिवार के पांच लोगों की नृशंस हत्या हुई। 

इसे भी पढ़ें: अखिलेश को झटका देने की तैयारी में सपा सांसद सुखराम यादव, पीएम मोदी और योगी की जमकर की तारीफ

गोरखपुर में ऑटो से जा रही महिला का गुलरिहा थाना क्षेत्र में मंगलसूत्र छीन लिया गया। बांदा में सत्ता संरक्षित गुंडों द्वारा अतुल गुप्ता की पिटाई के बाद हत्या कर दी गई। शाहजहांपुर में भाजपा नेता द्वारा युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘प्रदेश में कारोबारियों की जिंदगी खतरे में है। पिछले 15 दिन में छह कारोबारियों से लूट हो गई। बरेली के कपड़ा व्यवसायी से बदायूं में दिन-दहाड़े लूट हुई। महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ हैवानियत की हद हो गई। उत्तर प्रदेश में अन्याय-अत्याचार से बहू-बेटियां बुरी तरह परेशान हैं। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था को देखते हुए आखिर कौन निवेश के लिए आगे आएगा? ऐसा लगता है भाजपा सरकार का इरादा प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने का नहीं, प्रदेश के गौरव को धूल धूसरित कर देने का है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़