अमरनाथ यात्रा: जम्मू आधार शिविर से 3,823 तीर्थयात्रियों का 12वां जत्था बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुआ

Prabhasakshi Image

जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 3,823 तीर्थयात्रियों का 12वां जत्था अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच ये श्रद्धालु 140 वाहनों में बालटाल मार्ग से रवाना हुए। पहलगाम मार्ग पर मरम्मत कार्य के कारण यात्रा फिलहाल स्थगित है।

जम्मू, 27 जुलाई अमरनाथ मंदिर के दर्शन के लिए सोमवार को 3,800 से अधिक श्रद्धालुओं का 12वां जत्था जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही अब तक 1,27,326 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से रवाना हो चुके हैं।

कड़ी सुरक्षा के बीच 3,823 तीर्थयात्री 140 वाहनों में बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुए और इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘बम बम भोले’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारे लगाए। इस जत्थे में 2,966 पुरुष, 855 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। मरम्मत कार्य के कारण पहलगाम मार्ग पर यात्रा स्थगित है।

दो जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 4.15 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। गुफा मंदिर की 57 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा का समापन रक्षाबंधन पर 28 अगस्त को होगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़