राहुल गांधी को ‘भगवा आतंक’ शब्द के इस्तेमाल पर माफी मांगनी चाहिए: अमित शाह

Amit Shah asks Rahul Gandhi to apologise for ‘saffron terror’ charge, says he misled country
[email protected] । Apr 19 2018 9:12AM

साल 2007 के मक्का मस्जिद धमाका मामले में पांच दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के बरी होने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने ‘भगवा आतंकवाद’ और ‘हिंदू आतंकवाद’ के नाम पर देश को बदनाम किया।

बेंगलूर। साल 2007 के मक्का मस्जिद धमाका मामले में पांच दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के बरी होने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने ‘भगवा आतंकवाद’ और ‘हिंदू आतंकवाद’ के नाम पर देश को बदनाम किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी मांगने को भी कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महान हिंदू संस्कृति को आतंकवाद से जोड़ने का ‘‘पाप’’ किया है। शाह ने यहां पार्टी के ‘‘शक्ति केंद्रों’’ की बैठक में कहा, ‘‘महान हिंदू संस्कृति ने लाखों साल तक दुनिया को संस्कृति, शांति एवं सभ्यता के बारे में पढ़ाया। कांग्रेस पार्टी ने इसे भगवा आतंकवाद से जोड़ कर पाप किया है।’’ शाह ने कहा कि कांग्रेस ने ‘‘भगवा आतंक’’ और ‘‘हिंदू आतंक’’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर कई साल तक दुनिया में भारत को बदनाम किया। उन्होंने कहा कि इन सालों में कांग्रेस के नेता जब भी विदेश गए, उन्होंने मक्का मस्जिद धमाका मामले को भगवा आतंक या हिंदू आतंक करार दिया। ऐसा करके उन्होंने देश का अपमान किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘राहुल गांधी, आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। आपको देश से माफी मांगनी चाहिए।’’ शाह ने कहा कि कांग्रेस अब कह रही है कि उन्होंने कभी भगवा या हिंदू आतंक जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने कहा कि वह ‘कुछ सच्चाई’ बयान करना चाहते हैं कि राहुल गांधी ने अमेरिकी राजदूत के समक्ष 16 दिसंबर 2010 को यह बात कही थी और विकीलीक्स ने इसका खुलासा किया था।

शाह ने कहा कि पी चिदंबरम ने 25 अगस्त 2010, सुशील कुमार शिंदे ने 20 जनवरी 2013 और सलमान खुर्शीद ने 20 जनवरी 2013 को इन शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा, ‘‘और दिग्विजय सिंह ने तो कई बार इन शब्दों का इस्तेमाल किया.... और सिद्धारमैया ने भी 10 जनवरी 2018 को यह कहा।’’ शाह ने कहा, ‘‘क्या हिंदू को आतंकवाद से जोड़ा जा सकता है? क्या यह संभव है? क्या आतंकवाद का धर्म होता भी है? हम चुप थे क्योंकि अदालत में मामले पर सुनवाई हो रही थी।’’ उन्होंने कहा कि सभी आरोपी बरी कर दिए गए। अदालत को उनका दोष साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं मिला। भाजपा नेता कहा,‘‘उन्हें बेकसूर घोषित किया गया। लिहाजा, राहुल गांधी, सुशील कुमार शिंदे और पी चिदंबरम को देश से माफी मांगनी चाहिए।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़