लखनऊ में UP BJP कार्यसमिति बैठक का अमित शाह करेंगे उद्घाटन, CM योगी का होगा समापन संबोधन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में 30 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस महत्वपूर्ण बैठक का उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इससे पहले 29 अक्टूबर को पार्टी मुख्यालय में पदाधिकारियों की बैठक होगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 अक्टूबर यहां डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। पार्टी द्वारा जारी किये गये बयान के मुताबिक बैठक के समापन सत्र को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े, प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा, प्रदीप वर्मा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पूर्व 29 अक्टूबर 2026 को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। पंकज चौधरी की अध्यक्षता एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में प्रातः 11 बजे प्रारम्भ होने बाली प्रदेश पदाधिकारी बैठक में 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे, प्रमुख विषयों एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य, स्थायी आमंत्रित सदस्य, लोकसभा एव राज्यसभा सदस्य, लोकसभा प्रत्याशी 2024, विधायक, विधानपरिषद सदस्य, विधानसभा प्रत्याशी 2022 मौजूद रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका/नगर पंचायत अध्यक्ष, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, उ०प्र० अनुशासन समिति, प्रदेश मीडिया संयोजक/सह संयोजक, प्रवक्ता, मीडिया पैनिलिस्ट, प्रदेश संयोजक/सह-संयोजक सोशल मीडिया, मुख्यालय प्रभारी/सह प्रभारी, प्रदेश संयोजक/सह-संयोजक सोशल मीडिया विभाग, डी.सी.बी. चेयरमैन, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा विस्तारको सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी सम्मिलित होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़