Amritsar Police ने पकड़े पांच हथियार और नशा तस्कर गिरोह, 10 आरोपी अरेस्ट

Amritsar Police ने पकड़े पांच हथियार और नशा तस्कर गिरोह, 10 आरोपी अरेस्ट
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल पांच गिरोहों के दस सदस्यों को गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार आरोपियों के पास से छह पिस्तौल, हेरोइन, अफीम, नकदी और एक ड्रोन बरामद हुआ है। नेटवर्क के बाकी सदस्यों की पहचान के लिए जांच जारी है।

अमृतसर आयुक्त कार्यालय पुलिस ने मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी करने वाले पांच गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है तथा भारी मात्रा में अवैध हथियार एवं नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘एक बड़ी कामयाबी के तहत अमृतसर आयुक्त कार्यालय पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार आपूर्ति करने वाले पांच गिरोहों का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे छह पिस्तौल, 4.409 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, नशीली चीजों से कमाए गए 12.90 लाख रुपये, 12 कारतूस और एक ड्रोन बरामद किया है।’’ उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच से खुलासा हुआ है कि जो लोग गिरफ्तार किये गये हैं, वे हथियारों एवं मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त थे। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि इन छापों के सिलसिले में पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस मादक पदार्थ की तस्करी और अवैध हथियारों के गिरोह को खत्म करने तथा एक सुरक्षित एवं नशा मुक्त पंजाब सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़