Punjab Police ने पकड़ा ISI समर्थित KCF आतंकी मॉड्यूल, दो गिरफ्तार

Punjab Police ने पकड़ा ISI समर्थित KCF आतंकी मॉड्यूल, दो गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

शहीद भगत सिंह नगर से पकड़े गए दो संदिग्धों के पास से चार हथगोले, दो पिस्तौल और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक यह मॉड्यूल विदेश में बैठे आकाओं के इशारे पर संचालित हो रहा था और आरोपियों ने बहराम के पास से हथियारों की यह खेप उठाई थी।

पंजाब पुलिस ने रविवार को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन वाले खालिस्तान कमांडो फोर्स के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि दोनों आरोपियों को शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि विदेश में बैठे आका इस आतंकी मॉड्यूल का संचालन कर रहे थे। पंजाब पुलिस के अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ और जालंधर की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ इकाई ने संयुक्त अभियान में इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। यादव के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चार हथगोले, दो पिस्तौल और 20 कारतूस बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अपने आकाओं के निर्देश पर एसबीएस नगर के बहराम के पास एक स्थान से हथियारों की खेप हासिल की थी। इस संबंध में अमृतसर के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ थाने में भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीजीपी ने कहा कि पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़