Shamli में YouTuber अंकित बालियान की हत्या मामले में पुलिस को मिले कई अहम सुराग

Ankit Baliyan
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

शामली में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की चार टीमें हरियाणा भेजी गई हैं। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि इस चुनौतीपूर्ण मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी जांच में सहयोग कर रहे हैं।

मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने शामली जिले में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के सनसनीखेज मामले को पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा है कि पुलिस ने इस मामले में कई सुराग हासिल किए हैं और जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। भास्कर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि बुधवार शाम को हरियाणवी गायक बालियान की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उनमें से चार को हरियाणा भेजा गया है। अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इसके अलावा पुलिस की कई अन्य टीमें अलग-अलग दिशाओं में काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया, हमारे पुलिस बल के कई लोग हैं जो उसी गांव से आते हैं और वे लगातार इसमें मदद कर रहे हैं। प्रधान, उप प्रधान और जितने भी जनप्रतिनिधि हैं, वे भी मदद कर रहे हैं। जो हत्यारे हैं उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: “भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान" गीत गाने वाले Ankit Baliyan की हत्या मामले में हुए बड़े खुलासे ने चौंकाया

इस सवाल पर कि क्या बालियान की हत्या भी पंजाबी गायक कलाकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या की तरह का ही मामला है, उन्होंने कहा, हमारे पास काफी सुराग आ चुके हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक करना ठीक नहीं है। बहुत जल्दी इसके बारे में खुलासा किया जाएगा। उन्होंने एक अन्य सवाल पर कहा कि यह बहुत बड़ी घटना है और निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण भी है लेकिन पुलिस इस चुनौती पर भी खरी उतरेगी।

इसे भी पढ़ें: हरियाणवी सिंगर Ankit Baliyan की जिम के बाहर 20 गोलियां मारकर हत्या, गोगी गैंग ने ली जिम्मेदारी, रील्स और गानों से जुड़ा विवाद गहराया

भास्कर ने कहा कि बालियान की हत्या के बाद परिवार और अन्य लोगों ने रास्ता जाम किया था, लेकिन अब वह पूरी तरह से खुल चुका है और परिवार की तरफ से पूरा सहयोग मिल रहा है। हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान बुधवार शाम छह बजकर 45 मिनट पर जिम से बाहर निकल रहे थे तभी दो गाड़ियों से आए चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बालियान को गंभीर रूप से घायल हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली सरकार पर निशाना साधा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़