West Bengal में अन्नपूर्णा स्कीम का ऐलान, Suvendu Adhikari ने बताया- ₹5 में मिलेगा Fish-Riceac

Bengal Annapurna Yojna
ANI

पश्चिम बंगाल सरकार ने अन्नपूर्णा योजना की घोषणा की है, जिसके तहत महिलाओं को प्रति माह 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी और इसके फॉर्म 27 मई से उपलब्ध होंगे। शुभेंदु अधिकारी ने इस महिला-केंद्रित पहल के साथ-साथ 5 रुपये में रियायती भोजन और एक अलग आयुष विभाग की स्थापना जैसे अन्य कल्याणकारी कदमों का भी ऐलान किया।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार 27 मई से अन्नपूर्णा योजना के लिए फॉर्म जारी करना शुरू करेगी, जिसके तहत महिलाओं को प्रति माह 3,000 रुपये दिए जाएंगे। अधिकारी ने यह भी कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और उपासना स्थलों के एक किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकानें खोलने की अनुमति नहीं होगी।

नदिया के कल्याणी में एक प्रशासनिक बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अधिकारी ने कहा, “अन्नपूर्णा योजना के फॉर्म कल से राज्य सचिवालय द्वारा जारी किए जाएंगे। सभी भारतीय इस योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के पात्र हैं।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने लगभग 400 विशेष कैंटीन में सप्ताह में दो बार 5 रुपये की रियायती दर पर मछली और चावल का भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार स्वास्थ्य विभाग से अलग एक आयुष विभाग भी स्थापित करेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़