लक्षित हमलों पर चर्चा करना सेना का अपमान: नायडू

[email protected] । Oct 5 2016 2:04PM

लक्षित हमलों का सबूत मांगने वालों पर हमला करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने आज कहा कि अभियान पर और चर्चा करना भारतीय सेना द्वारा किए गए ‘‘सराहनीय’’ कार्य का ‘‘अपमान’’ होगा।

पाक अधिकृत कश्मीर में भारतीय सेना के लक्षित हमलों का सबूत मांगने वालों पर हमला करते हुए केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने आज कहा कि अभियान पर और चर्चा करना भारतीय सेना द्वारा किए गए ‘‘सराहनीय’’ कार्य का ‘‘अपमान’’ होगा। उन्होंने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस तरह की गैर जिम्मेदाराना टिप्पणियों और मांगों पर जवाब देने की कोई जरूरत नहीं है। सौभाग्य से, कांग्रेस ने अपनी गलती महसूस की है और अपने नेताओं की टिप्पणियों से खुद को अलग किया है..आप ने भी यह अत्यंत स्पष्ट कर दिया है।’’

नायडू ने कहा कि भारतीय सेना की ‘‘विश्वसनीयता और प्रतिबद्धता’’ पर किसी को भी कोई संदेह नहीं है जिसने ‘‘सराहनीय’’ कार्य किया है और अभियान पर आगे चर्चा करना बल का ‘‘अपमान’’ होगा। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि किसी भारतीय नागरिक को कोई संदेह है। भारतीय सेना की विश्वसनीयता और प्रतिबद्धता पर कोई भी संदेह नहीं कर रहा है। इसने सराहनीय कार्य किया...यदि हम आगे चर्चा करते हैं तो यह सेना का अपमान होगा।’’ नायडू ने कहा कि सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) ने अभियान के बारे में स्वयं ही पूरा ब्योरा दिया था और सर्वदलीय बैठक में भी सूचना साझा की। उन्होंने पूछा कि क्या आगे का ब्योरा जारी करना राष्ट्रहित में होगा।

यह उल्लेख करते हुए कि देश भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में किए गए लक्षित हमलों को लेकर खुश है, उन्होंने कहा कि विश्व ने भी भारत द्वारा उठाए गए कदम को मान्यता दी है। उन्होंने कहा, ‘‘केवल पाकिस्तान ही कुछ कह रहा है क्योंकि उसके पास कहने के लिए कुछ होना चाहिए। वह अपने नागरिकों का अंतिम संस्कार करने की स्थिति में नहीं है..यह उसकी संस्कृति है।’’

इससे पूर्व, आयोजन को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत किसी के साथ युद्ध नहीं चाहता है, लेकिन यदि लगातार उकसावे वाली चीजें जारी रहेंगी तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘..हम कभी भी किसी के साथ युद्ध नहीं चाहते, हम उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे जैसा कि हमारे जवानों ने हाल में दिया।’’

कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह राष्ट्र हित पर राजनीति कर रही है तथा आतंकी शिविरों पर लक्षित हमलों को फर्जी बताया था। उनकी इस टिप्पणी से कांग्रेस ने खुद को अलग कर लिया। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने भी कथित तौर पर कहा था कि लक्षित हमलों के सबूत देना सरकार पर निर्भर है। सेना ने लक्षित हमलों में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सात आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने सोमवार को एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री को सलाम करते हुए उनसे पाकिस्तान के दुष्प्रचार की ‘‘पोल खोलने का’’ आग्रह किया था।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़