Assam Flood में दो और मौतों के साथ कुल आंकड़ा 100 पहुंचा, 7 जिलों में हालात गंभीर

Assam Flood
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार गोलाघाट और कार्बी आंगलोंग जिलों में डूबने से दो और लोगों की जान चली गई, जिससे आपदा में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर सौ तक पहुंच गई है। वर्तमान में राज्य के सात जिलों में एक लाख 37 हजार से अधिक लोग इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में हैं। सबसे गंभीर स्थिति गोलाघाट जिले की है जहां लगभग 70 हजार लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि राहत शिविरों में 49 हजार से ज्यादा लोग शरण लिए हुए हैं।

असम में रविवार को बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही तथा दो और लोगों की मौत होने के बाद इस साल सैलाब में मरने वालों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है। आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान गोलाघाट और कार्बी आंगलोंग जिलों में बाढ़ के पानी में डूबने से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

एएसडीएमए ने कहा कि चराइदेव, दरांग, गोलाघाट, जोरहाट, कार्बी आंगलोंग, नगांव और शिवसागर जिलों में अभी 1,37,500 से अधिक लोग प्रभावित हैं। उसने कहा कि गोलाघाट सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां करीब 70,000 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद शिवसागर में करीब 40,000 और जोरहाट में 16,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं।

शनिवार की तुलना में स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है। शनिवार को आठ जिलों में करीब 1.5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित थे। एएसडीएमए ने बताया कि प्रशासन ने छह जिलों में 125 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र बनाये हैं, जहां फिलहाल 49,061 प्रभावित लोग शरण लिये हुए हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़