Beed Jail में आरोपी Valmiki Karad को मिली विशेष सुविधा, जांच टीम ने जब्त किया DVR

महाराष्ट्र के बीड जिला जेल में सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड के मुख्य आरोपी वाल्मीकि कराड को विशेष सुविधाएं देने के आरोपों के बाद जेल विभाग की सतर्कता टीमों ने जांच शुरू कर दी है। जांच टीमों ने आरोपी की बैरक के पास लगे सीसीटीवी का डीवीआर जब्त करने के साथ ही तीन महीनों के वीडियो और ऑडियो कॉल फुटेज को कब्जे में ले लिया है। इस सिलसिले में जेल कर्मियों समेत 8 से 10 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
बीड (महाराष्ट्र), सात अगस्त सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड के मुख्य आरोपी वाल्मीकि कराड को बीड जिला जेल के भीतर विशेष सुविधाएं मिलने के आरोपों के बाद महाराष्ट्र जेल विभाग की सतर्कता टीमों ने अलग-अलग जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विभाग की पुणे और छत्रपति संभाजीनगर इकाइयों की टीमों ने कराड की बैरक के पास लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया और उनका डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) जब्त कर लिया।
टीमों ने कैदियों द्वारा वीडियो और ऑडियो कॉल के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की और पिछले तीन महीनों का डेटा अपने कब्जे में ले लिया। मृतक सरपंच के भाई धनंजय देशमुख ने दावा किया था कि वर्ष 2024 के हत्या मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद कराड को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की मांग किए जाने के बाद यह मुद्दा राजनीतिक रूप से गरमा गया।
अधिकारियों के अनुसार, इन आरोपों पर संज्ञान लेते हुए जेल विभाग की सतर्कता टीमों ने बृहस्पतिवार को मध्य महाराष्ट्र की इस जेल का दौरा किया और स्वतंत्र जांच शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि जेल अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों सहित आठ से दस लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों के भीतर महानिदेशक (जेल) को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपे जाने की उम्मीद है।
बीड जिले के मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख (45) का नौ दिसंबर 2024 को अपहरण कर लिया गया था, जिसके बाद उन्हें यातनाएं दी गईं और उनकी हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की वजह एक पवन ऊर्जा कंपनी से की जा रही जबरन वसूली का उनके द्वारा विरोध करना था।
अन्य न्यूज़













