महाराष्ट्र में अकोला से फिर शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’, राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों से की बातचीत

Bharat Jodo Yatra
ANI

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार सुबह महाराष्ट्र के अकोला जिले से पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ फिर शुरू की। ‘भारत यात्री’ रात में विश्राम करने के लिए एक फैक्टरी में रुके थे। राहुल ने यात्रा के दौरान सड़क पर एकत्रित हुए लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और कुछ स्थानीय लोगों से बातचीत भी की।

अकोला (महाराष्ट्र)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार सुबह महाराष्ट्र के अकोला जिले से पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ फिर शुरू की। ‘भारत यात्री’ रात में विश्राम करने के लिए एक फैक्टरी में रुके थे। राहुल ने यात्रा के दौरान सड़क पर एकत्रित हुए लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और कुछ स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। वह बृहस्पतिवार दोपहर को एक संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’बृहस्पतिवार को 71वें दिन में प्रवेश कर गई।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का कांग्रेस पर तीखा हमला, सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा महाराष्ट्र

वहीं, महाराष्ट्र में यह यात्रा का 11वां दिन है। महाराष्ट्र के पोतुर शहर से बृहस्पतिवार सुबह छह बजे यात्रा फिर शुरू की गई। यह शाम को बालापुर के लिए रवाना होगी और शुक्रवार सुबह बुलढाणा जिले के शेगांव पहुंचेगी। राहुल ने बुधवार को केंद्र सरकार व सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए दावा किया था कि उनकी नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है और किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा था कि बड़े औद्योगिक घराने नहीं, बल्कि छोटे व मध्यम उद्यम बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करते हैं, लेकिन वे केंद्र की 2016 की नोटबंदी की कवायद और 2017 में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के क्रियान्वयन से तबाह हो गए।

इसे भी पढ़ें: आपको तय करना है कि यहां आदिवासियों का राज चाहिए या षडयंत्रकारियों का : सोरेन

‘भारत यात्रियों’ ने नांदेड जिले से सात नवंबर को महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आरंभ किया था। नांदेड के अलावा यात्रा अभी तक राज्य के हिंगोली और वाशिम जिलों से गुजर चुकी है। महाराष्ट्र के अकोला और बुलढाणा जिले से गुजरने के बाद 20 नवंबर को यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। महा विकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस के सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और शिवसेना के नेताओं ने भी महाराष्ट्र में पदयात्रा में हिस्सा लिया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़