बिहार का जनादेश के नीतीश के पक्ष में नहीं, हमारे प्रदर्शन की CWC करेगी समीक्षा: कांग्रेस

Bihar mandate

कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव में खुद के 19 सीटों पर सिमटने पर निराशा जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस की कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) इसकी समीक्षा करेगी।

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव में खुद के 19 सीटों पर सिमटने पर निराशा जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस की कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) इसकी समीक्षा करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने यह भी कहा कि बिहार का जनादेश नीतीश के पक्ष में नहीं है और दोनों गठबंधनों के बीच मतों का अंतर बहुत ही मामूली है।

इसे भी पढ़ें: बिहार चुनाव में कमजोर प्रदर्शन को लेकर आत्मचिंतन करना चाहिए : तारिक अनवर

उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ जनादेश तो मुख्यमंत्री के पक्ष में नहीं है। यह बात सही है कि दोनों गठबंधनों के बीच बहुत ही मामूली अंतर है। हमें और बेहतर करना चाहिए था।’’ एक सवाल के जवाब में रमेश ने कहा, ‘‘मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि बिहार के लोगों ने रोजगार, पलायन और महागठबंधन की ओर से उठाए गए अन्य मुद्दों को नकारा है।’’ चिदंबरम ने कहा, ‘‘हम बिहार में अपने प्रदर्शन से निराश हैं। मुझे भरोसा है कि सीडब्ल्यूसी इसकी समीक्षा करेगी और बयान जारी करेगी।’’

इसे भी पढ़ें: बिहार में हार के बाद बोले तेजस्वी यादव, कुर्सी पर नीतीश कुमार लेकिन जनता के दिल में हम! 

उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘बिहार एक गरीब राज्य है। नीतीश कुमार 2005 से मुख्यमंत्री हैं। बिहार में चुनाव नतीजे बताते हैं कि जनादेश बदलाव के बहुत करीब आया। हम जनादेश को स्वीकार करते हैं। ’’ गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजग 125 सीटें हासिल करके एक बार फिर से सरकार बनाने जा रहा है। राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन को 110 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। इस गठबंधन में 70 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटों पर जीत मिली।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़