Kerala CM पर BJP का हमला: Congress ने मुस्लिम लीग, जमात-ए-इस्लामी के आगे घुटने टेके

Kerala CM
ANI

भाजपा ने केरल में वी.डी. सतीशन के मुख्यमंत्री बनने पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी ने मुस्लिम लीग और जमात-ए-इस्लामी के दबाव में घुटने टेक दिए हैं। पार्टी के अनुसार, यह निर्णय वोट बैंक की राजनीति के लिए लिया गया, जिसमें कांग्रेस के विधायकों की लोकतांत्रिक इच्छा को नजरअंदाज किया गया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को वी.डी. सतीशन के केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने “इस्लामी कट्टरपंथियों के आगे घुटने टेक दिए” तथा वह इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और जमात-ए-इस्लामी के दबाव में काम कर रही है। केरल में वी.डी. सतीशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यहां कांग्रेस विधायक दल के नेता को पद की शपथ दिलाई।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन में कांग्रेस नेतृत्व ने अपने विधायकों की अपेक्षाओं को नजरअंदाज किया। पूनावाला ने ‘एक्स’ पर तंज कसते हुए पोस्ट किया, ‘‘जमात और आईयूएमएल के पहले मुख्यमंत्री श्री वी.डी. सतीशन को बधाई।’’ आईयूएमएल केरल में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का दूसरा सबसे बड़ा घटक दल है। वीडियो बयान के साथ पोस्ट साझा करते हुए भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आलाकमान ने ‘‘वोट बैंक की राजनीति’’ के लिए मुस्लिम लीग और जमात-ए-इस्लामी की मांगों के आगे ‘‘घुटने टेक दिए।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘जैसे ही मुस्लिम लीग और जमात के दबाव में कांग्रेस ने सतीशन को चुना, मुस्लिम लीग अपने असली रंग दिखाने लगी।’’ पूनावाला ने यह भी आरोप लगाया कि केरल में कांग्रेस की सरकार असल में मुस्लिम लीग चला रही है। उन्होंने कहा, ‘‘यह कांग्रेस की सरकार नहीं, मुस्लिम लीग की सरकार है।’’ उन्होंने कांग्रेस पर ‘‘इस्लामी कट्टरपंथियों’’ से हाथ मिलाने का आरोप भी लगाया। भाजपा नेता ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के चयन में कांग्रेस विधायकों की लोकतांत्रिक इच्छा को ‘‘दरकिनार’’ कर दिया गया।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई नेता उपस्थित रहे। पूरे केरल से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता इस अवसर पर राज्य की राजधानी पहुंचे। केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे और परिणाम चार मई को घोषित किए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने 102 सीट जीतीं, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने 35 सीट हासिल कीं और भाजपा ने तीन सीट जीतीं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़