पलामू में BJP नेता का शव पेड़ से लटका मिला, आक्रोश में सड़क जाम

BJP leader
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons

इस घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उनलोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुये सेमरी—मनातू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

झारखंड के पलामू जिले में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मनातू मंडल के अध्यक्ष प्रमोद सिंह का शव बृहस्पतिवार को पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। इस घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उनलोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुये सेमरी—मनातू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना की पुष्टि करते हुए पलामू के लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक कुमार टूट्टी ने बताया कि प्रमोद सिंह बुधवार की शाम पांच बजे घर से निकले थे और लापता हो गए थे।

उन्होंने बताया कि गांव में ही उनकी बाइक मिली जबकि उनका शव सुनसान इलाके में आज सुबह पेड़ से लटकता मिला। उन्होंने बताया कि प्रमोद के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सेमरी—मनातू मुख्य पथ को जाम कर दिया है। हत्या और सड़क जाम की सूचना मिलने पर एसडीपीओ दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने—बुझाने का प्रयास किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस अगर समय पर कार्रवाई करती तो प्रमोद सिंह की जान बच सकती थी। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी जो सकती है लेकिन पुलिस पूरे मामले की हर दृष्टिकोण से जांच कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़