Maharashtra के Latur में कम बारिश से संकट, BJP MLA ने की सूखा घोषित करने की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लातूर ग्रामीण से भाजपा विधायक रमेश कराड ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपकर जिले में सूखा घोषित करने और प्रभावित किसानों को राहत देने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि बारिश न होने के कारण सोयाबीन और गन्ने की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। क्षेत्र में भूजल स्तर गिरने से पेयजल और पशुओं के चारे की भारी किल्लत की आशंका बन गई है।

महाराष्ट्र में भाजपा के एक स्थानीय विधायक और अन्य राजनेताओं ने कम बारिश होने के साथ पेयजल और मवेशियों के चारे को लेकर बढ़ती चिंताओं का हवाला देते हुए राज्य सरकार से लातूर जिले और मराठवाड़ा के अन्य क्षेत्रों में सूखा घोषित करने की अपील की है। लातूर ग्रामीण के विधायक रमेश कराड ने बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सूखा घोषित करने और लंबे समय से बारिश न होने से प्रभावित किसानों के लिए राहत संबंधी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाली सोयाबीन और गन्ने की फसलें बारिश की कमी के कारण गंभीर संकट का सामना कर रही हैं।

कराड ने दावा किया, ‘‘किसान पहले ही बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि कार्यों और मजदूरी पर भारी रकम खर्च कर चुके हैं। अब वे अपनी पूरी पूंजी डूबने की आशंका का सामना कर रहे हैं।’’ इस स्थिति ने पानी और चारे की उपलब्धता को लेकर भी चिंताएं बढ़ा दी हैं। नदियां, झीलें और कुएं धीरे-धीरे सूख रहे हैं।

साथ ही भूजल का गिरता स्तर आने वाले हफ्तों में लोगों और मवेशियों के लिए पेयजल को लेकर समस्या खड़ी कर सकता है। उन्होंने सरकार से तुरंत फसल नुकसान का आकलन करने, मौजूदा पानी और चारे की स्थिति की समीक्षा करने तथा लातूर ग्रामीण और सूखे से प्रभावित मराठवाड़ा के अन्य क्षेत्रों के लिए सूखा राहत की घोषणा करने का आग्रह किया। लातूर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता शिवाजीराव पाटिल कवेकर ने भी मुख्यमंत्री से जिले और मराठवाड़ा में सूखा घोषित करने तथा किसानों को ठोस वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़