UP Election 2022: भाजपा ने जारी की 91 उम्मीदवारों की एक और सूची, कई दिग्गजों का नाम शामिल

BJP UP

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार शलभमणि त्रिपाठी को पार्टी ने देवरिया से उम्मीदवार बनाया है। पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष राय को आम्‍बेडकरनगर जिले की जलालपुर सीट से टिकट दिया गया है।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को 91 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी। इस सूची में पार्टी के राज्य सरकार के मंत्रियों सिद्धार्थ नाथ सिंह, उपेंद्र तिवारी, नंदकुमार गुप्ता नंदी, सूर्य प्रताप शाही को उम्मीदवार घोषित किया गया है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक सिंह इलाहाबाद पश्चिम से, तिवारी बलिया जिले के फेफना, नंदी इलाहाबाद दक्षिण और शाही पत्थरदेवा से चुनावी मैदान में उतरेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार शलभमणि त्रिपाठी को पार्टी ने देवरिया से उम्मीदवार बनाया है। पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष राय को आम्‍बेडकरनगर जिले की जलालपुर सीट से टिकट दिया गया है। इसी प्रकार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राकेश सचान को भोगनीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके साथ ही भाजपा ने 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 294 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा अपना दल एस और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़