अगले लोकसभा चुनाव में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से सत्ता में आयेगी: बीरेन्द्र

BJP will come to power with full majority in next Election says Birendra Singh

भिवानी रैली में इनेलो द्वारा सत्ता में आने पर किसानों के कर्ज और बिजली के बिल माफ करने की घोषणाओं पर सिंह ने कहा कि इनेलो अपना अस्तित्व बचाने के लिए झूठ बोल रही है।

जींद। केन्द्रीय मंत्री बीरेन्द्र सिंह ने दावा किया है कि अगले लोकसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रचंड बहुमत हासिल करके सत्ता में आयेगी। यहां मखंड गांव से भाजपा विधायक प्रेमलता की अगुआई में निकाली गई विकास यात्रा को रवाना करने के बाद सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ही केन्द्र में सरकार बनायेंगी। उन्होंने कहा कि देश के मतदाता पिछले कुछ महीनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों में हुए चुनावों में भाजपा को सत्ता सौंपकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर मोहर लगा चुके है।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश को विदेशों में भी अलग पहचान मिली है। पहली बार देश हित में फैसले लेने वाला प्रधानमंत्री देश को मिला है। भिवानी रैली में इनेलो द्वारा सत्ता में आने पर किसानों के कर्ज और बिजली के बिल माफ करने की घोषणाओं पर सिंह ने कहा कि इनेलो अपना अस्तित्व बचाने के लिए झूठ बोल रही है। ये लोग झूठ बोलकर सत्ता प्राप्त करना चाहते है। लोग इस तरह के इनेलो के बहकावे में नहीं आएंगे। इनेलो की कथनी और करनी में फर्क है।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा में ढ़ाई साल में स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर सड़क तक का विस्तार हुआ है। गांव को गांव से जोड़ने वाले कच्चे रास्तों की जगह पक्की सड़कें बनाई गई है। विस्तार मंडी का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। राज्य में विकास कार्य तेजी से हुए है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भाजपा के राज्यमंत्री की मुलाकात पर सिंह ने कहा कि ये कोई बात नहीं है। आपस में राजनीति से हटकर भाईचारा भी होता है। ऐसी मुलाकातों के राजनीतिक मायने नहीं निकालने चाहिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़