भाजपा के युवा नेता पंकज सिंह, सिद्धार्थ नाथ सिंह, श्रीकांत शर्मा जीते

[email protected] । Mar 11 2017 3:21PM

गौतमबुद्धनगर में तीनों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की आंधी चली है। यहां की नोएडा विधानसभा सीट से केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह ने जीत हासिल कर ली है।

नोएडा। गौतमबुद्धनगर में तीनों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की आंधी चली है। यहां की नोएडा विधानसभा सीट से केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह ने कांग्रेस व समाजवादी पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी सुनील चौधरी को एक लाख 4 हजार वोटों से हरा दिया है। पंकज सिंह को एक लाख 62 हजार 310 वोट मिले। वहीं दादरी विधानसभा सीट पर भी भाजपा प्रत्याशी मास्टर तेजपाल नागर 82700 वोटों से चुनाव जीत गये हैं।

उन्होंने बसपा प्रत्याशी सतवीर गुर्जर को चुनाव हराया है। सतवीर गुर्जर दादरी से दो बार विधायक रह चुके हैं। जेवर सीट पर भी भाजपा की लहर दिखी है। यहां कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाने वाले ठा. धीरेंद्र सिंह ने पूर्व मंत्री व बसपा प्रत्याशी वेदराम भाटी को 22 हजार वोटों से चुनाव हरा दिया है।

उधर, मथुरा जनपद की पांच में से चार सीटों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया। इससे पूर्व भाजपा के पास कोई सीट नहीं थी। चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मथुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के श्रीकांत शर्मा विजयी घोषित किए गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के 4 बार के विजेता एवं विधानसभा में पार्टी के नेता प्रदीप माथुर को एक लाख से भी अधिक मतों से पराजित किया। यह भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा का पहला चुनाव था। छाता क्षेत्र से भाजपा के चौ. लक्ष्मीनारायण ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा समर्थित अतुल सिसौदिया को 76247 मतों से पराजित किया।

दूसरी ओर, इलाहाबाद की पश्चिमी सीट से भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह जीत गए हैं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी की रिचा सिंह को 25,336 मतों से हराया। इसी तरह, फूलपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रवीण कुमार सिंह ने जीत हासिल की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मंसूर आलम को 26,613 मतों से हराया है। कोरांव सीट से भाजपा के राजमणि ने कांग्रेस के रामकृपाल को 53,696 मतों से हराया है। जीत का सिलसिला जारी रखते हुए मेजा सीट से भाजपा की नीलम करवरिया ने समाजवादी पार्टी के राम सेवक सिंह को 19843 मतों से हराया। बदायूं जिले की सहसवान सीट पर सपा प्रत्याशी ओमकार सिंह यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा के अरशद अली को 4115 मतों से हराया। सपा ने यह सीट बरकरार रखी।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़