संघर्ष विराम उल्लंघन में बीएसएफ का अधिकारी घायल

जम्मू। जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे आरएस पुरा सेक्टर में संघर्ष विराम उल्लंघन के दौरान पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा दागे गये गोले के विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। पिछले 24 घंटों में आरएस पुरा सेक्टर में सीमा पार से हुयी गोलीबारी में 10 लोग घायल हो गये हैं जिसमें से अधिकांश महिलाएं हैं। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आरएस पुरा सेक्टर में बीएसएफ के सहायक सब इंस्पेक्टर एके उपाध्याय के पास एक गोला फटा जिसमें वह घायल हो गये। उनके सिर में चोटें आयी हैं।’’ पाकिस्तानी रेंजरों ने आरएस पुरा सेक्टर में भारी गोलीबारी की। उन्होंने बताया, ‘‘मुख्यरूप से आरएस पुरा सेक्टर में गोलीबारी की गयी। भारी गोलीबारी रात के साढ़े 11 बजे तक जारी रही। अरनिया में भी रूक रूक कर गोलीबारी की गयी।’’ उन्होंने बताया कि बीएसएफ ने पाकिस्तानी गोलीबारी का ‘मुंहतोड़ जवाब’ दिया। आरएस पुरा सेक्टर में कई इलाकों में रूक रूक कर जारी पाकिस्तानी गोलीबारी का बीएसएफ ने ‘करारा जवाब’ दिया। जम्मू के उपायुक्त (डीसी) सिमरनदीप सिंह ने बताया कि पाकिस्तानी चौकियों ने साई कलां, बुरे जाल, ट्रेवा और अरनिया सहित नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाया।
सिंह ने बताया, ‘‘साई कलां, अरनिया में भी रात के डेढ़ बजे से गोलीबारी शुरू हो गयी। लोग घरों के भीतर थे ऐसे में किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ।’’ उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार ने एक सलाह जारी की है और सीमा पार से जारी गोलीबारी के कारण अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।सिंह ने बताया, ‘‘भारी गोलीबारी के कारण सीमा पर रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। वहां सन्नाटा है। वे या तो अपने घरों को छोड़ कर सुरक्षित शिविरों की ओर चले गये हैं या सुरक्षित स्थानों पर स्थित अपने रिश्तेदारों के घर चले गये हैं।’’ सीमा पार से गोलीबारी में घायलों की पहचान साक्षी (12), मंजू चौधरी (15), वीना (26), सोमा देवी (40), कमलेश कुमारी (28), संजना (10), रत्नो देवी (60), रमेश कुमार के रूप में की गयी है। ये सभी सुचेतगढ़ के रहने वाले हैं। गोलीबारी में चांडचक की दलजीत कौर और आर एस पुरा सेक्टर में फ्लोरा गांव के रामलाल के रूप में की गयी है। सीमा पार से 24 अक्तूबर को की गयी गोलीबारी में एक वर्षीय एक लड़का और बीएसएफ का एक जवान मारा गया था।
अन्य न्यूज़