Punjab में पराली जलाने की घटनाएं रोकने के लिए CAQM ने अमृतसर और तरनतारन के अधिकारियों संग की बैठक

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय दल ने शनिवार को पंजाब के अमृतसर और तरनतारन के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की। आयोग ने खेतों में आग लगने के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए पराली प्रबंधन के जमीनी बुनियादी ढांचे का जायजा लिया। इस सीजन में राज्य में दर्ज 542 मामलों में से लगभग आधी घटनाएं अकेले तरनतारन में सामने आई हैं।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष राजेश वर्मा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय दल ने शनिवार को पंजाब के अमृतसर और तरनतारन जिलों के उपायुक्तों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में धान की पराली के व्यापक प्रबंधन के लिए लागू किए गए उपायों की समीक्षा की गई। इसमें पराली जलाने की घटनाओं को कम करने और अंततः पूरी तरह समाप्त करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दल ने दोनों जिलों में धान की पराली के प्रबंधन के लिए खेतों में ही किए जाने वाले उपायों और खेतों से बाहर पराली के उपयोग के तरीकों के साथ-साथ इस दिशा में उपलब्ध सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का भी आकलन किया। इस दल ने आग लगने की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर जिलों की ओर से की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। आयोग ने इन घटनाओं में वृद्धि पर चिंता जताई और अधिकारियों को इनकी संख्या कम करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में इस साल 15 सितंबर से 23 अक्टूबर के बीच खेतों में आग लगने के 542 मामले सामने आए, इनमें से लगभग आधी घटनाएं तरनतारन में हुईं।
अन्य न्यूज़













