तीन साल की बच्ची से बलात्कार का मामला: न्याय की मांग को लेकर LG से मिलेंगे सांसद संजय सिंह

 Sanjay Singh
ANI
रेनू तिवारी । May 14 2026 4:42PM

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह जनकपुरी के एक निजी स्कूल में तीन साल की बच्ची के साथ हुए कथित बलात्कार के मामले पर चर्चा करने और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मुलाकात का समय मांगेंगे।

दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक निजी स्कूल में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस जघन्य अपराध को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू से मिलने का निर्णय लिया है।बृहस्पतिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने कहा कि वह इस मामले में सख्त कार्रवाई और बच्ची को न्याय दिलाने के लिए उपराज्यपाल से मुलाकात का समय मांगेंगे।

सिंह ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि वह उपराज्यपाल को पत्र लिखकर बैठक के लिए समय मांगेंगे और उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल बच्ची के लिए न्याय सुनिश्चित करने और मामले में जवाबदेही तय करने के उपायों पर चर्चा करना चाहता है। सिंह ने कहा कि अगर उपराज्यपाल मुलाकात के लिए वक्त नहीं देते हैं, तो पार्टी आगे की कार्रवाई तय करेगी।

सिंह का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने एक दिन पहले महिला पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राज निवास के बाहर इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया था। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया और कहा कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई थी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बच्ची के लिए न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि राज निवास के पास उच्च सुरक्षा क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण उपायों के तहत प्रदर्शनकारियों को हटाया गया। यह मामला दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक निजी स्कूल में एक मई को तीन साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर किए गए बलात्कार से संबंधित है। घटना के बाद स्कूल के 57 वर्षीय केयरटेकर को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अभियोजन पक्ष के कड़े विरोध के बावजूद दिल्ली की एक अदालत ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया था। पुलिस ने कहा था कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।


Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi  

All the updates here:

अन्य न्यूज़