Mumbai में Ganesh Utsav से पहले Central Railway के चार पैदल यात्री पुल बंद

Mumbai में Ganesh Utsav से पहले Central Railway के चार पैदल यात्री पुल बंद
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

आईआईटी-मुंबई की ढांचागत सुरक्षा जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद मस्जिद और माटुंगा स्टेशन के चार पैदल यात्री पुलों को तत्काल बंद करने का फैसला लिया गया है। बीएमसी और रेलवे द्वारा 27 अगस्त को किए गए संयुक्त निरीक्षण के बाद यह तकनीकी रिपोर्ट सौंपी गई थी। उत्सव के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए इन पुलों को तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा।

आगामी गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा उपाय के मद्देनजर मुंबई के मस्जिद स्टेशन पर और माटुंगा स्टेशन के पास बने चार पैदल यात्री पुलों को तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा। ‘ढांचागत ऑडिट’ में इन पुलों को असुरक्षित पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। मध्य रेलवे ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने इन पुलों के प्रस्तावित पुनर्निर्माण और 11-दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान पैदल यात्रियों की बढ़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे से इन्हें बंद करने का अनुरोध किया है। मध्य रेलवे द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, बीएमसी और रेलवे के अधिकारियों ने 27 अगस्त को संयुक्त रूप से इन पुलों का निरीक्षण किया था। इसके बाद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-मुंबई ने 31 अगस्त को चारों पुलों की ‘ढांचागत सुरक्षा जांच रिपोर्ट’ सौंपी।

तुरंत प्रभाव से बंद किए जाने वाले पुलों में मस्जिद स्टेशन स्थित भंडारी पैदल पार पुल और मस्जिद स्टेशन पैदल पार पुल शामिल हैं। अन्य दो पुल माटुंगा और सायन स्टेशनों के बीच स्थित हैं। इनमें से एक भाऊ दाजी रोड पर माटुंगा रेलवे फाटक के पास स्थित है और दूसरा गुरु नानक हाईस्कूल के पास माटुंगा-धारावी पुल है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, चारों पुलों के मुख्य ढांचे में जंग लगने और टूट-फूट के कारण वे तकनीकी व सुरक्षा के दृष्टिकोण से असुरक्षित पाए गए हैं। रिपोर्ट में इन पुलों को पैदल यात्रियों की आवाजाही के लिए तुरंत बंद करने तथा इन्हें ध्वस्त करने और तोड़कर नए सिरे से निर्मित करने की सिफारिश की गई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़