छत्तीसगढ़ Liquor Scam: दुबई से लाया गया मुख्य आरोपी Vikas Agarwal रायपुर में गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कथित तीन हजार करोड़ रुपये के शराब घोटाले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को यूएई से भारत लाकर रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को पूछताछ के लिए 30 नवंबर तक राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसी के अनुसार वह इस पूरे अवैध शराब सिंडिकेट के वित्तीय तालमेल और नकली होलोग्राम की व्यवस्था का मुख्य सूत्रधार था।
छत्तीसगढ़ में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक के कथित शराब घोटाले के मामले में दुबई से भारत लाए गए एक आरोपी (लगभग चार वर्षों से फरार) को यहां गिरफ्तार कर लिया गया है। राज्य की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शनिवार को यह जानकारी दी। ईओडब्ल्यू ने बताया कि आरोपी की पहचान विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू के रूप में हुई है।
अगस्त 2026 में जारी इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे दुबई में हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उसे भारत लाया गया। भारत लाए जाने के बाद ईओडब्ल्यू ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ईओडब्ल्यू की टीम ने 27 नवंबर की देर रात उसे रायपुर की एक अदालत में पेश किया, जहां उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट तामील कराया गया।
अदालत ने उसे पूछताछ के लिए 30 नवंबर तक हिरासत में भेज दिया। एजेंसी ने बताया कि कथित शराब घोटाले की जांच शुरू होने के बाद, सुब्बू अक्टूबर 2022 के आसपास अपने परिवार के साथ दुबई भाग गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) (जो इस मामले में धन शोधन के पहलू की भी जांच कर रहा है) की एक रिपोर्ट के आधार पर ईओडब्ल्यू ने 17 जनवरी 2024 को इस मामले में मामला दर्ज किया था।
ईओडब्ल्यू ने उसे जांच में शामिल होने के लिए कई नोटिस भेजे, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। नवंबर 2024 में उसके खिलाफ उसकी अनुपस्थिति में एक पूरक आरोप पत्र दाखिल किया गया था, और 13 फरवरी 2025 को विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। एजेंसी के अनुसार, सुब्बू ने कथित शराब घोटाले में शामिल गिरोह के कामकाज का समन्वय करने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
वर्ष 2019 से 2023 के बीच, उसने अवैध रूप से बनी शराब की बिक्री और विभिन्न कमीशनों से प्राप्त तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की रकम को संभालने का काम किया था। एजेंसी के मुताबिक, डिस्टिलरीज (शराब बनाने वाली इकाइयों) में आबकारी शुल्क का भुगतान किए बिना ही अतिरिक्त शराब का उत्पादन किया गया था। पार्ट-बी कही जाने वाली शराब को सरकारी शराब की दुकानों के जरिए नकली होलोग्राम लगाकर बेचा जाता था।
इस बिक्री को आधिकारिक रिकॉर्ड से बाहर रखा जाता था और इससे मिलने वाली नकदी को अलग से इकट्ठा किया जाता था। आरोप है कि सुब्बू ने पार्ट-बी शराब के उत्पादन के लिए शराब बनाने की इकाइयों (डिस्टिलरी) के संचालकों के साथ मिलकर काम किया। उसने खाली बोतलों का इंतजाम किया और दिल्ली से छत्तीसगढ़ की कई डिस्टिलरी तक नकली होलोग्राम मंगाने और पहुंचाने में मदद की।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, वह विभिन्न डिस्टिलरी से सरकारी दुकानों तक शराब की खेप पर नजर रखने के लिए आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के संपर्क में भी रहता था। आरोप है कि 15 जिलों की सरकारी शराब की दुकानों में पार्ट-बी शराब की बिक्री से प्राप्त नकदी को उसके साथी रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लाते थे। वहां इसे गिना जाता था और फिर ढेबर द्वारा बताए गए लोगों तक पहुंचा दिया जाता था।
आरोप है कि पार्ट-बी शराब की हर बिकी हुई पेटी पर सुब्बू को 50 रुपये का कमीशन मिलता था। इसके अलावा, वह विदेशी शराब आपूर्तिकर्ताओं और सरकारी शराब की दुकानों के लिए स्टाफ मुहैया कराने वाली एजेंसियों से मिलने वाले अलग-अलग कमीशन की वसूली और हिसाब-किताब भी संभालता था। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद, विदेशी शराब की आपूर्ति के लिए लाइसेंस बांटने, कमीशन की दर तय करने और उसे वसूलने का तरीका तय करने में भी उसकी भूमिका थी।
ईओडब्ल्यू का यह भी आरोप है कि सुब्बू ने हवाला गतिविधियों में शामिल सुमित मालू और रवि बजाज के जरिए घोटाले की रकम को अलग-अलग शहरों तक पहुंचाया। वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की जेल में बंद आरोपी खंजन ठक्कर के भी संपर्क में था, ताकि भारत से हवाला के जरिए दुबई में भुगतान प्राप्त किया जा सके। एजेंसी ने यह भी दावा किया कि सुब्बू, जो पहले सोने-चांदी के कारोबार (बुलियन ट्रेड) से जुड़ा था, उसने ढेबर के लिए जौहरियों और बुलियन व्यापारियों के जरिए सोना-चांदी खरीदने का इंतजाम किया।
जांचकर्ताओं को अब तक ढेबर के लिए दो सौ किलोग्राम से अधिक सोना खरीदे जाने के बारे में जानकारी मिली है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक बयान में कहा कि विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मिलकर विकास अग्रवाल को 27 नवंबर, 2026 को संयुक्त अरब अमीरात से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। अग्रवाल छत्तीसगढ़ में 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण प्रणाली में कथित अनियमितताओं से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में वांछित है।
आरोप है कि वह इस गिरोह का मुख्य वित्तीय समन्वयक था। छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद यूएई के अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया। सीबीआई ने बताया कि उसे दुबई हवाई अड्डे पर भारतीय एस्कॉर्ट टीम को सौंप दिया गया और 27 नवंबर को मुंबई लाया गया।
यह कथित शराब घोटाला 2019-2022 के दौरान सामने आया, जब छत्तीसगढ़ में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी। धन शोधन के पहलू की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोप है कि इस घोटाले के कारण सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ। इस मामले में पूर्व आबकारी मंत्री और कांग्रेस विधायक कवासी लखमा तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को भी गिरफ्तार किया गया था।
अन्य न्यूज़













