छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बेवफाई के शक में प्रेमी ने प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के नेहरू पार्क में एक युवक ने बेवफाई के शक में अपनी 19 वर्षीय प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

(शीर्षक में बदलाव के साथ रिपीट) सूरजपुर, 27 जुलाई छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बेवफाई के शक में पार्क में अपनी 19 वर्षीय प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब आठ बजे सूरजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू पार्क में हुई।

अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े के रूप में हुई है। वह अपने प्रेमी रितेश राजवाड़े (23) के साथ पार्क में थी, तभी दोनों के बीच विवाद हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश को शक था कि राधिका किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है, जिसके कारण दोनों के बीच कहासुनी हुई।

उन्होंने बताया कि गुस्से में आकर आरोपी ने कथित तौर पर चाकू निकाला और राधिका की गर्दन पर कई बार वार कर दिए। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया। अधिकारी ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

हालांकि, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पार्क और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जबकि आरोपी का पता लगाने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया।

अधिकारी ने बताया कि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने घेराबंदी कर पीढ़ा इलाके के एक जंगल से रितेश राजवाड़े को पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने के शक में अपराध करने की बात स्वीकार की। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़