Coimbatore POCSO Court बच्ची से दुष्कर्म और हत्या मामले में शुक्रवार को सुनाएगी फैसला

तमिलनाडु के सुलूर में दस वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत शुक्रवार को अपना निर्णय देगी। विशेष न्यायाधीश हरिहरन इस बहुचर्चित मुकदमे में फैसला सुनाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कोयंबटूर अदालत परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कोयंबटूर में सुलूर के पास 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और बाद में उसकी हत्या करने के सनसनीखेज मामले में विशेष अदालत शुक्रवार को अपना फैसला सुनाएगी। यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अदालत के विशेष न्यायाधीश हरिहरन इस मामले में फैसला सुनाएंगे। इस घटना को लेकर पूरे तमिलनाडु में व्यापक आक्रोश देखा गया था।
फैसला सुनाए जाने के मद्देनजर कोयंबटूर अदालत परिसर में पुलिस सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस मामले में फैसला शुरुआत में 16 नवंबर को सुनाया जाना था, जब दोनों आरोपियों-कार्तिक और उसके दोस्त मोहन को अदालत में पेश किया गया था। हालांकि, न्यायाधीश ने बाद में फैसले की तारीख 27 नवंबर के लिए स्थगित कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, सुलूर के पास कन्नमपालयम निवासी 10 वर्षीय बच्ची 21 मई को अपने घर के बाहर खेल रही थी और फिर लापता हो गई। बच्ची के माता-पिता द्वारा सुलूर थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद तलाश अभियान शुरू किया गया और उसका शव कन्नमपालयम तालाब के पास स्थित नारियल के बाग से बरामद किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई थी कि बच्ची का यौन उत्पीड़न किया गया था और गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने कार्तिक और मोहन को गिरफ्तार किया। जांचकर्ताओं ने बताया कि कार्तिक कथित तौर पर चॉकलेट दिलाने के बहाने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर ले गया और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी, जबकि मोहन ने कथित तौर पर इस अपराध में उसका साथ दिया। पुलिस ने घटना के 21 दिन के भीतर 819 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें साक्ष्य के तौर पर इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी प्रस्तुत किए गए।
अन्य न्यूज़














