केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने कहा, कांग्रेस के DNA में ही खोट है

Cong''s DNA faulty, says Mahesh Sharma
[email protected] । Jun 26 2018 7:41PM

आपात काल के 43 वर्ष पूरे होने पर केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने कांग्रेस के ‘डीएनए में खोट होने की’ बात कही। उन्होंने कहा कि आपात काल जैसी घटनाएं बताती हैं कि उसमें लोकतंत्र के लिए कोई जगह नहीं है।

चंडीगढ़। आपात काल के 43 वर्ष पूरे होने पर केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने कांग्रेस के ‘डीएनए में खोट होने की’ बात कही। उन्होंने कहा कि आपात काल जैसी घटनाएं बताती हैं कि उसमें लोकतंत्र के लिए कोई जगह नहीं है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगी अरुण जेटली के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को हिटलर की तरह बताया था।

शर्मा ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान आपात काल लागू किये जाने के दिन को भारतीय लोकतंत्र का ‘काला दिन’ करार दिया और उसे लोकतंत्र की हत्या बताया। पच्चीस जून, 1975 को आपात काल लागू किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास पुराना है। मेरे ख्याल से कांग्रेस के डीएनए में ही खोट है और वे लोकतांत्रिक मूल्यों में यकीन नहीं करते हैं। 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि राहुल बाबा कहते हैं कि (राजग की मौजूदा सरकार के दौरान) लोकतांत्रिक संस्थाओं की हत्या की जा रही है। उन्हें मालूम होना चाहिए कि कांग्रेस के डीएनए में ही दिक्कत है, उनके डीएनए में लोकतंत्र के लिए कोई स्थान नहीं है। शर्मा ने कहा कि देश की आजादी के समय भी बहुमत वल्लभ भाई पटेल को प्रधानमंत्री बनाना चाहता था लेकिन कांग्रेस ने इस तथ्य को नजरंदाज किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़