माफी का सवाल नहीं, Vande Mataram Controversy पर Amit Shah के आरोपों पर Congress का पलटवार

Congress
ANI
एकता । Aug 16 2026 3:14PM

वंदे मातरम के अपमान के अमित शाह के आरोपों पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी राष्ट्रगीत का पूरा सम्मान करती है और माफी का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने तंज कसा कि आजादी की लड़ाई में योगदान न देने वाले आज कांग्रेस को देशभक्ति सिखा रहे हैं।

कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लगाए गए आरोपों पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने इस पर पलटवार करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज कांग्रेस पर सवाल उठा रहे हैं, देश की आजादी की लड़ाई में उनका कोई योगदान नहीं था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिनके मुख्यालय पर सालों तक तिरंगा नहीं फहराया गया, वे आज देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं।

शाह ने कहा, सोनिया जी को रास नहीं आ रहा राष्ट्रगीत का सम्मान

इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने सोनिया गांधी और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा था कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के इस अमर गान का सम्मान सोनिया गांधी को रास नहीं आ रहा है। शाह ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता यह सब देख रही है और इस तरह के आचरण को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रगीत को बीच में रुकवाना या उसका अनादर करना एक ऐसा पाप है जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। इसे भी पढ़ें: Vande Mataram Controversy: राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप, चित्तौड़गढ़ में Amit Shah ने Sonia Gandhi पर साधा निशाना

कांग्रेस का स्पष्टीकरण

एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में, गृह मंत्री के दावों को खारिज करते हुए अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को वंदे मातरम से कोई समस्या नहीं हो सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम के दो पैराग्राफ गाए जाने की परंपरा थी, लेकिन अब जब कानून बन गया है तो पार्टी पूरे राष्ट्रगीत का पूरी निष्ठा से सम्मान करती है। उन्होंने संसद के मानसून सत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि जब राज्यसभा में पूरा वंदे मातरम गाया गया, तब सोनिया गांधी समेत सभी कांग्रेस नेता इसमें सम्मानपूर्वक शामिल हुए थे। इसे भी पढ़ें: Mumbai के Navy Nagar में नौसेना कर्मी, उनकी पत्नी और दो बच्चों के शव मिलने से हड़कंप

माफी मांगने के सवाल को बताया मजाक

अमित शाह द्वारा माफी मांगने की मांग पर अखिलेश सिंह ने कहा कि इसमें किसी से माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता, यह बात पूरी तरह हास्यास्पद है। उन्होंने एक वाक्य का जिक्र करते हुए कहा कि सत्र खत्म होने के बाद उपराष्ट्रपति के साथ चाय पर मुलाकात के दौरान खुद सोनिया गांधी ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की तारीफ की थी कि उन्हें पूरा वंदे मातरम याद है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा देश के संविधान और कानूनों का सम्मान करती आई है और आगे भी करती रहेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़