Rajnath Singh को Pranab Mukherjee की बात याद रखनी चाहिए: Jairam Ramesh

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आरोपों का जवाब देते हुए पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के उस कथन का हवाला दिया जिसमें उन्होंने विपक्ष की भूमिका विरोध करने, उजागर करने और सत्ता से हटाने की बताई थी। रमेश ने याद दिलाया कि मुखर्जी को 2019 में भाजपा सरकार ने ही भारत रत्न दिया था। इससे पहले रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर देश विरोधी ताकतों के हाथों में खेलने का आरोप लगाया था।
कांग्रेस ने शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर पलटवार करते हुए हुए कहा कि उन्हें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की उस बात को याद रखना चाहिए कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम ‘‘अपोज, एक्सपोज, डिपोज’’ (विरोध करना, बेनकाब करना और सत्ता से बेदखल करना) है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने इस बात का उल्लेख भी किया कि मुखर्जी को वर्ष 2019 में भाजपा की सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया था। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रक्षा मंत्री को यह याद दिलाने की जरूरत है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी अक्सर कहा करते थे कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम ‘अपोज, एक्सपोज एंड डिपोज’ है।’’ इससे पहले, राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर जाने-अनजाने भारत विरोधी ताकतों के हाथों में खेलते नजर आने का आरोप लगाया और कहा कि हिंसा और अराजकता की आग में देश को झोंककर बांग्लादेश जैसी स्थिति बनाने का ख्वाब देख रही कांग्रेस ने अब अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी के नाम का इस्तेमाल करने का सारा नैतिक अधिकार खो दिया है।
रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ रही है, इसलिये स्वाभाविक है कि तमाम शक्तियों को भारत का यह उभार रास नहीं आ रहा होगा। सिंह ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, देश को यह समझने की आवश्यकता है कि दशकों से चुनाव हार रहे राजनीतिक दल जाने या अनजाने में आज इन (भारत विरोधी) शक्तियों के हाथों में खेलते हुए नजर आ रहे हैं।
अन्य न्यूज़













