जल शक्ति मंत्री CR Paatil ने केन-बेतवा लिंक सहित प्रमुख परियोजनाओं के काम में तेजी लाने के दिए निर्देश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने मंगलवार को जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने दौधन बांध और लिंक नहर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को समय रहते दूर करने और राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने मंगलवार को अधिकारियों को केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित प्रमुख जल परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और समय पर पूरा करने के लिए बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। पाटिल ने एक समीक्षा बैठक में केन-बेतवा परियोजना के तहत लिंक नहर और दौधन बांध की स्थिति सहित जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के तहत आने वाली परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी के अलावा मंत्रालय के अधीन आने वाले विभागों और संगठनों के प्रमुख शामिल हुए।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक में बाढ़ प्रबंधन और सीमा क्षेत्र कार्यक्रम (एफएमबीएपी) के तहत परियोजनाओं की प्रगति, फरक्का बैराज परियोजना के तहत बैराज के गेट बदलने और कटाव-रोधी उपायों तथा कमान क्षेत्र विकास और जल प्रबंधन के आधुनिकीकरण (एम-सीएडीडब्ल्यूएम) कार्यक्रम के तहत 35 पायलट क्लस्टर के कार्यान्वयन पर चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान के लक्ष्यों और गतिविधियों के साथ-साथ विभाग और उसके संगठनों की अन्य पहलों पर भी चर्चा की गई। बयान में कहा गया कि पाटिल ने अधिकारियों को उन मुद्दों की पहचान करने और उनका समाधान करने का निर्देश दिया जो परियोजना के क्रियान्वयन में बाधा बन रहे हैं तथा समीक्षा के दौरान लिये गए निर्णयों पर प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।

उन्होंने परियोजनाओं की निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए राज्य सरकारों के साथ बेहतर तालमेल बनाने का आह्वान किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़