Cyclone Murasu: आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में 120 किमी की रफ्तार से टकराया चक्रवात

Cyclone Murasu: आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में 120 किमी की रफ्तार से टकराया चक्रवात
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मंगलवार तड़के चक्रवाती तूफान मुरासु के पहुंचने से भारी बारिश और तेज हवाओं ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली हवाओं के कारण बापटला और प्रकाशम समेत कई जिलों में पेड़ व बिजली के खंभे गिर गए तथा फसलें जलमग्न हो गईं।

अमरावती, तीन नवंबर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ ने मंगलवार तड़के आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में भारी तबाही मचाई जहां हजारों पेड़ उखड़ गए, बिजली के सैकड़ों खंभे और मछुआरों की नौकाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। बापटला और प्रकाशम सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई इलाके पानी में डूब गए हैं। प्रकाशम जिले के कोठापतनम के एक मछुआरे कृष्णम्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पिछले 14 वर्षों में हमने इतना खतरनाक चक्रवात नहीं देखा।

सरकार ने हमारी काफी मदद की और गांव के करीब 400 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने भी हमें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की।’’ उन्होंने कहा कि अब उन्हें जाकर देखना होगा कि उनकी नावों की क्या स्थिति है। एक अन्य स्थानीय निवासी मंगम्मा ने बताया कि पिछले चक्रवात के दौरान उनका घर तबाह हो गया था, लेकिन इस बार सरकार ने चक्रवात के तट से टकराने से पहले ही उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले चक्रवात में मैंने अपना घर खो दिया था और मेरा परिवार सड़क पर आ गया था। इस बार सरकार ने चक्रवात के तट से टकराने से पहले ही हमें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। हालांकि, मेरी तीन नौकाओं में से एक पूरी तरह नष्ट हो गई है।

मछली पकड़ना ही हमारी आजीविका का साधन है।’’ चक्रवात के प्रभाव से हजारों पेड़ उखड़ गए और बिजली के सैकड़ों खंभे टूट गए। इसके अलावा कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण सड़कों पर दूर तक देख पाना मुश्किल हो गया जिससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन फंस गए और चालकों को काफी परेशानी हुई।

खराब मौसम के कारण यातायात बाधित हुआ और कई स्थानों पर यात्री फंसे रहे। मौसम विभाग के अनुसार, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ मंगलवार तड़के सुबह साढ़े तीन बजे से साढ़े पांच बजे के बीच ओंगोल के पास नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रही।

मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात के मंगलवार दोपहर तक धीरे-धीरे कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदलने और आधी रात तक अवदाब के क्षेत्र में तब्दील होने के आसार हैं। मंगलवार को तटीय आंध्र प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश और छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़