BJP और ABVP का विपक्ष के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन, कई राज्यों में रैलियां

भारतीय जनता पार्टी और एबीवीपी मंगलवार को विभिन्न राज्यों में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत जनसभाएं और विरोध मार्च निकालेंगे। पार्टी ने विपक्ष पर अशांति फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान लखनऊ में और जेपी नड्डा बरेली में रैली करेंगे।
नयी दिल्ली, तीन नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) मंगलवार को कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत रैलियां, जनसभाएं और विरोध मार्च आयोजित करेंगे जिसके तहत विपक्ष को निशाना बनाया जाएगा। भाजपा का आरोप है कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर लखनऊ स्थित लोक भवन में जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद अपराह्न एक बजकर 30 मिनट पर लोक भवन से परिवर्तन चौक तक मार्च आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा नेता जे.पी. नड्डा बरेली में पार्टी की रैली में शामिल होंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में भी एक रैली आयोजित की जाएगी।
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी पश्चिम बंगाल के अपने दौरे के तहत कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगी। भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रांची में ‘लोकतंत्र बचाओ’ विरोध मार्च आयोजित करेगी। यह मार्च बापू वाटिका से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त होगा।
यह अभियान ऐसे समय में आयोजित किए जा रहे हैं जब कथित चुनावी अनियमितताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज को लेकर भाजपा तथा विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक टकराव जारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भविष्य में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया जाएगा और ‘देशद्रोह’ के लिए जेल भेजा जाएगा। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने अपनी ताकत दिखाने के लिए रामलीला मैदान में रैली की थी जिसमें उन्होंने कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा ने केंद्र और राज्यों में ‘चुराए हुए जनादेश’ के जरिए सरकारें बनाई हैं।
अन्य न्यूज़













