Kapil Mishra बोले: Delhi में 1,250 स्थानों पर होंगे नुक्कड़ नाटक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली का कला एवं संस्कृति विभाग साहित्य कला परिषद के माध्यम से पूरे शहर में नुक्कड़ नाटक अभियान शुरू कर रहा है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि मंगलवार से शुरू होने वाले इस अभियान का मुख्य विषय सेवा की अनकही कहानियां रखा गया है। इन नाटकों के जरिए लोगों को सेवा और स्वच्छता की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि साहित्य कला परिषद के माध्यम से कला एवं संस्कृति विभाग पूरे शहर में “सेवा की अनकही कहानियां” विषय पर नुक्कड़ नाटकों का अभियान शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत दिल्लीभर में करीब 1,250 नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रत्येक मंडल में चार प्रस्तुतियां आयोजित करने की योजना है।

मिश्रा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इन नाटकों में सेवा, स्वच्छता और भारत को विकास के पथ पर आगे ले जाने के उद्देश्य से की गई पहलों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “इन विषयों के आधार पर नुक्कड़ नाटकों की एक श्रृंखला तैयार की गई है, ताकि जागरूकता पैदा की जा सके और लोगों को सेवा से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। अभियान के तहत कुछ स्थानों पर मंचीय प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।” मिश्रा ने कहा कि अभियान की शुरुआत मंगलवार को दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर करीब 176 नुक्कड़ नाटकों के मंचन के साथ होगी।

प्रस्तुतियां मंडलों, बस्तियों और कॉलोनियों के साथ-साथ प्रमुख मॉल, बाजारों और ऐसे अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित की जाएंगी। मिश्रा ने कहा कि नुक्कड़ नाटकों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन और सेवा पर उनके जोर को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया जाएगा कि लोग दिल्ली और देश के लिए सेवा के कार्यों को अपने जीवन में किस तरह शामिल कर सकते हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़