Delhi Police ने पहाड़गंज में पकड़ा नकली नोटों का सिंडिकेट, 2.65 लाख की फेक करेंसी जब्त

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक गेस्ट हाउस पर छापा मारकर पुलिस ने बिहार निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2,65,100 रुपये मूल्य के जाली नोट बरामद हुए हैं, जिन्हें वे असली नोटों के बदले खपाने की फिराक में थे। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी एक लाख रुपये के नकली नोटों को 25 से 30 हजार रुपये की असली मुद्रा में बेचने की योजना बना रहे थे।

नयी दिल्ली, छह नवंबर दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में नकली भारतीय मुद्रा की आपूर्ति करने वाले एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ कर बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2.65 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जाली नोट बरामद किए गए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी दिनेश कुमार झा (36) और सतीश कुमार (20) के रूप में हुई है। दोनों को बृहस्पतिवार को मिली एक सूचना के आधार पर नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक गेस्ट हाउस में छापेमारी के दौरान पकड़ा गया। अधिकारी ने बताया, छापेमारी करने वाली टीम ने आरोपियों के कब्जे से 2,65,100 रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद किए।

जब्त की गई मुद्रा की जांच के लिए अपराध शाखा की टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे नकली नोट बेचने के लिए दिल्ली आए थे और इसके लिए संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। अधिकारी के अनुसार, आरोपियों की योजना एक लाख रुपये के नकली नोटों को 25 से 30 हजार रुपये की असली मुद्रा के बदले बेचने की थी।

हालांकि, गिरफ्तारी से पहले वे न तो किसी ग्राहक को तलाश पाए थे और न ही कोई सौदा तय कर सके थे। आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें ये नकली नोट मुहैया कराए थे। पुलिस अब उस आपूर्तिकर्ता की भूमिका की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि बरामद कुल नकली मुद्रा में से 2,45,100 रुपये के नोट झा के पास से, जबकि 20 हजार रुपये के नोट सतीश के कब्जे से मिले। अधिकारी ने बताया कि झा इससे पहले भी 2023 में दर्ज नकली मुद्रा के एक मामले में शामिल रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़