Dumka के निजी आवासीय स्कूल निदेशक पर छात्रा से यौन शोषण का केस दर्ज, महिला वार्डन अरेस्ट

झारखंड के दुमका में एक निजी आवासीय स्कूल की दूसरी कक्षा की छात्रा के साथ कथित यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने छात्रावास की महिला वार्डन को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 24 नवंबर की है, जिसकी जानकारी पीड़िता द्वारा सहेलियों संग थाने पहुंचने के बाद सामने आई। पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम और बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है, जबकि मुख्य आरोपी निदेशक फिलहाल फरार है।
झारखंड के दुमका जिले में एक निजी आवासीय स्कूल की 10-वर्षीय छात्रा से संस्थान के निदेशक द्वारा कथित रूप से यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने 35-वर्षीय आरोपी निदेशक के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित आवास पर छात्रा को कथित रूप से ले जाने के आरोप में स्कूल के छात्रावास की महिला वार्डन को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी निदेशक फरार है। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘घटना 24 नवंबर को हुई थी, लेकिन शनिवार को इसका पता तब चला, जब पीड़िता अपनी पांच-छह सहेलियों के साथ थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।’’ अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने पीड़िता के पिता को सूचना दी और उनके बयान के आधार पर 28 नवंबर को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज की। जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नवल किशोर सिंह ने कहा, ‘‘निजी स्कूल के निदेशक ने 24 नवंबर को अपने आवास पर बच्ची का यौन शोषण किया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शनिवार को छात्रावास की महिला वार्डन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी निदेशक फरार है।’’ जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची के कपड़े उतरवाए और उसके साथ छेड़छाड़ की। सिंह ने बताया कि दूसरी कक्षा की पीड़ित छात्रा की चिकित्सकीय जांच कराई गई है।
अन्य न्यूज़













