कर्ज वसूली के दबाव में किसान की आत्महत्या पर वित्तीय कंपनियों पर लगेगा मर्डर का केस: Eknath Shinde

नांदेड़ के वाडी बुद्रुक में एक अस्पताल के उद्घाटन के दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने साहूकारों और बैंकों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऋण चुकाने के लिए परेशान करने पर यदि किसी सूखे से प्रभावित किसान ने जान दी, तो जिम्मेदार संस्थानों के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलेगा। राज्य सरकार ने संकटग्रस्त किसानों को तुरंत 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है।
नांदेड़, एक नवंबर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि सूखे से प्रभावित किसी किसान ने यदि उत्पीड़न के कारण आत्महत्या की तो साहूकारों, सूक्ष्म वित्त कंपनियों और बैंकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शिंदे नांदेड़ जिले के वाडी बुद्रुक में 100 बिस्तरों वाले उप-जिला अस्पताल के उद्घाटन के अवसर पर एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कृषि संकट के बीच किसानों से हिम्मत नहीं हारने की अपील की। शिंदे ने वित्तीय संस्थानों और कर्ज वसूली करने वाले एजेंट को किसानों को ऋण चुकाने के लिए परेशान नहीं करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जबरन वसूली के तरीकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सूक्ष्म वित्त कंपनियों, बैंकों और साहूकारों को संकट में फंसे किसानों को परेशान नहीं करना चाहिए। अगर वे ऐसा करते हैं तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उत्पीड़न के कारण किसी किसान ने आत्महत्या की तो हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।’’ शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार ने दिवाली से पहले किसानों को 5,000 रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘पांच हजार रुपये की यह सहायता तत्काल राहत है। बाकी सहायता (फसल नुकसान के) सर्वेक्षण के अनुसार दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा है कि वे महाराष्ट्र के किसानों के साथ खड़े रहेंगे।’’ शिंदे ने कहा, ‘‘हिम्मत न हारें और न ही कोई कठोर कदम उठाएं।
इस कठिन समय में सरकार पूरी मजबूती से आपके साथ खड़ी है।’’ शिंदे ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उन्हें उनके हाल पर अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उपमुख्यमंत्री की यह चेतावनी नांदेड़ में एक वित्तीय कंपनी के कार्यालय के अंदर एक किसान का शव मिलने के कुछ दिन बाद आई है। किसान के परिवार ने आरोप लगाया था कि उसने 10,000 रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन वित्तीय कंपनी उससे 70,000 रुपये की मांग कर रही थी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी (शिवसेना) किसानों की बेटियों की शादी की जिम्मेदारी भी उठाएगी।
अन्य न्यूज़













