दिल्ली मेट्रो स्टॉफ की हड़ताल को रोकने के लिए एस्मा लगाया जा सकता है: केजरीवाल

ESMA might be imposed to prevent strike by Delhi Metro staff: Arvind Kejriwal
[email protected] । Jun 29 2018 8:28PM

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के गैर कार्यकारी कर्मचारियों के मध्यरात्रि से हड़ताल पर जाने की चेतावनी के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली मेट्रो का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्‍यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (एस्मा) लगा सकती है।

नयी दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के गैर कार्यकारी कर्मचारियों के मध्यरात्रि से हड़ताल पर जाने की चेतावनी के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली मेट्रो का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्‍यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (एस्मा) लगा सकती है। ।हडताल की स्थिति का सामना करते समय सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा एस्मा लगाया जाता है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘मेट्रो कर्मचारियों की सभी वास्तविक मांगों को पूरा किया जाना चाहिए , हड़ताल से लाखों लोगों को असुविधा होगी। हड़ताल नहीं होनी चाहिए। सरकार अंतिम उपाय के रूप में एस्मा लगा सकती है , तो मैं कर्मचारियों से हड़ताल पर नहीं जाने का आग्रह करता हूं।’’ इस बीच डीएमआरसी के अधिकारियों और डीएमआरसी स्टॉफ परिषद के प्रतिनिधियों के बीच आज दो दौर की वार्ता ‘‘विफल’’ रही जिसका मतलब है कि कर्मचारी 30 जून से हड़ताल पर जा रहे है और इसका सेवाओं पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। परिषद के सचिव रवि भारद्वाज ने कहा,‘‘वार्ता विफल हो गई है और हम किसी समाधान पर नहीं पहुंच सके। इसलिए हम आज मध्यरात्रि से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जायेंगे।’’ डीएमआरसी में लगभग 12,000 लोग कार्यरत है जिनमें लगभग नौ हजार गैर-कार्यकारी कर्मचारी हैं। डीएमआरसी के कुछ गैर-कार्यकारी कर्मचारी अपनी आठ सूत्री मांगों के समर्थन में 19 जून से यमुना बैंक और शाहदरा समेत कुछ मेट्रो स्टेशनों पर प्रदर्शन कर रहे है। कर्मचारी वेतनमान संशोधन समेत कई मुद्दों पर विरोध कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी ट्वीट किया, ''कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा के लिए मेट्रो अधिकारियों की तत्काल बैठक बुलाई गई है। एस्मा से संबंधित फाइल उपराज्यपाल की सहमति के लिए भेजी गई है। ’’ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से निर्देश मिले हैं कि मेट्रो कर्मचारियों की सभी वास्तविक मांगों को दिल्ली मेट्रो के सुचारू संचालन के लिए पूरा किया जाना चाहिए। मेट्रो हड़ताल रोकने के लिए जरूरत होने पर एस्मा भी लागू किया जाना चाहिए।’’ दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के मुद्दों के समाधान के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) को निर्देश दिये। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक को लिखे एक पत्र में परिवहन मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हुई वार्ता की प्रगति के बारे में भी जानकारी मांगी। पत्र में कहा गया है, ‘‘मुद्दों का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए प्रयास किये जाये ताकि किसी भी प्रकार से मेट्रो रेल का परिचालन बाधित नहीं हो।’’ डीएमआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘एक गैर मान्यता प्राप्त यूनियन के साथ मिलकर,कर्मचारियों के एक समूह ने पिछले कुछ दिनों से आंदोलन शुरू किया है। कोई भी कार्रवाई जो डीएमआरसी के आचरण नियमों का उल्लंघन करती है स्वीकार नहीं की जा सकती है और इसे उपयुक्त रूप से लिया जाएगा।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़