Mumbai की ओर कूच कर रहे किसानों, आदिवासियों ने Thane जिले में प्रवेश किया

उत्तर महाराष्ट्र में अपनी मांगों के समर्थन में नासिक जिले से मुंबई की ओर कूच कर रहे हजारों किसानों तथा आदिवासियों ने बुधवार को ठाणे जिले में प्रवेश किया। प्रदर्शनकारियों ने रविवार को नासिक जिले में डिंडोरी शहर से अपनी पदयात्रा शुरू की थी। उनकी विभिन्न मांगों में प्याज की खेती करने वाले किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल की फौरन वित्तीय राहत देना, 12 घंटे तक अबाधित बिजली आपूर्ति और कृषि कर्ज माफ करना शामिल है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक विनोद निकोल ने कहा कि पार्टी की ओर से आयोजित पदयात्रा ने मुंबई से सटे ठाणे जिले में कसारा शहर को पार कर लिया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के 20 मार्च को मुंबई पहुंचने की संभावना है। विधायक ने कहा कि महाराष्ट्र के मंत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल के प्रदर्शनरत किसानों के प्रतिनिधियों से बातचीत करने का कार्यक्रम है। महाराष्ट्र सरकार ने प्याज के दाम में तेज गिरावट से प्रभावित राज्य के किसानों को 300 रुपये प्रति क्विंटल की अनुग्रह राशि देने की सोमवार को घोषणा की थी। महाराष्ट्र में प्याज के दाम तेजी से गिर गए, जिससे किसानों को अपनी फसल के लिए बहुत कम कीमत मिल रही है। देश में प्याज की सबसे अधिक खेती नासिक में होती है।
अन्य न्यूज़