FCI ने Jammu Kashmir में महिला कर्मी के विवादित वीडियो की जांच के आदेश दिए

Fci Orders
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय खाद्य निगम ने बुधवार को एक महिला कर्मचारी द्वारा भारत के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की जांच शुरू कर दी है। महाप्रबंधक आईके चौधरी के अनुसार संबंधित महिला को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच में आरोप साबित होने पर उक्त कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने बुधवार को उस वीडियो की जांच के आदेश दिए जिसमें कथित तौर पर निगम की एक महिला कर्मचारी भारत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करती नजर आ रही है। निगम ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो के संबंध में वह बृहस्पतिवार को कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करेगा। माना जाता है कि महिला एफसीआई की प्रबंधक या गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी है।

वीडियो में महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘कश्मीर पर भारत का कब्जा अन्यायपूर्ण है और यह अन्यायपूर्ण ही रहेगा।’’ एफसीआई के महाप्रबंधक आई.के. चौधरी ने कहा कि निगम ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वीडियो में दिख रही महिला, निगम कर्मचारी है और क्या वीडियो क्लिप में सुनाई दे रही आवाज उसी की है। चौधरी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं उसका जवाब जानने के लिए कल उसे कारण बताओ नोटिस जारी करूंगा।

इसे भी पढ़ें: MEA ने Pakistan की आपत्ति खारिज की, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग

उसके बाद मामले की पूरी जांच की जाएगी। अगर महिला मान लेती है कि वीडियो उसी का है, या जांच में यह साबित हो जाता है कि वीडियो में वही थी, तो हम उक्त कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।’’ चौधरी ने बताया कि निगम अपने सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करवाता है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में यह साबित हो जाता है कि महिला एफसीआई की कर्मचारी है और उसी ने ये बातें कही हैं, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: Farooq Abdullah ने कहा कि National Conference जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे की बहाली के लिए संघर्ष जारी रखेगी

हालांकि, चौधरी ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने से पहले यह नतीजा निकालना जल्दबाजी होगी कि वीडियो या उसमें सुनाई दे रही आवाज उसी कर्मचारी की है। वीडियो में कही गई बातों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है खासकर इसलिए क्योंकि माना जा रहा है कि आरोपी महिला केंद्र सरकार की कर्मचारी है। वीडियो में महिला यह भी कहती हुई सुनाई देती है कि सरकारी नौकरी करने का मतलब यह नहीं है कि कोई व्यक्ति मुख्यधारा का हिस्सा बन गया है।

वह कहती है, ‘‘अगर हम किसी प्रतिरोध आंदोलन का हिस्सा हैं तो इसका मतलब यह नहीं है कि हम इंसान नहीं हैं। हमारी भी जरूरतें होती हैं और उन जरूरतों को पूरा करने के लिए नौकरी की जरूरत पड़ सकती है। अगर अच्छी नौकरी मिलती है, तो हम वो नौकरी करते हैं।’’ महिला ने यह भी कहा कि नौकरी मिलने से ‘‘भारत को लेकर उसके रुख’’ में कोई बदलाव नहीं आएगा।

इसे भी पढ़ें: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गौर की जम्मू-कश्मीर यात्रा ने चीनी-पाकिस्तानी चालों को किया दुरुस्त!

उसने कहा, ‘‘कश्मीर पर भारत का कब्जा अन्यायपूर्ण है और यह अन्यायपूर्ण ही रहेगा।’’ महिला ने पिछले तीन दशकों में कश्मीर में हुई मौत का भी जिक्र किया और कहा, ‘‘हम नौकरी के बदले उनका सौदा नहीं कर सकते।’’ वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिख रही महिला की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़