भरतपुर में स्टोन क्रशर विवाद के दौरान BJP के पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना पर हमला, अस्पताल में मौत

भरतपुर में स्टोन क्रशर विवाद के दौरान BJP के पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना पर हमला, अस्पताल में मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राजस्थान के भरतपुर जिले में बंद पड़े स्टोन क्रशर को दोबारा शुरू करने के प्रयास के दौरान हुए हिंसक टकराव में घायल भाजपा के पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना में उनका एक सहयोगी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे भरतपुर रेफर किया गया। ग्रामीणों ने जमीन कब्जे और अवैध खनन का आरोप लगाया था, जबकि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-पत्थरों से मारपीट करने का दावा किया है।

राजस्थान के भरतपुर जिले में पत्थर तोड़ने वाला संयंत्र (स्टोन क्रशर) दुबारा शुरू करने को लेकर विवाद के बाद कुछ ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना पर कथित तौर पर हमला किया जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार रात भौंडा गांव में हुई जब भडाना अपने स्टोन क्रशर वाली जगह पर गए थे। पुलिस के अनुसार इस क्रशर को लेकर भडाना और स्थानीय ग्रामीणों के बीच कुछ समय से विवाद था।

पुलिस वृत्ताधिकारी (भुसावर) नीरज भारद्वाज ने बताया कि टकराव के दौरान भडाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा पर कथित तौर पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें शुरू में वैर के एक अस्पताल ले जाया गया। बाद में भडाना को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया।

उन्होंने बताया कि एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान भडाना की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने भडाना पर चरागाह भूमि पर कब्ज़ा करने और अवैध खनन गतिविधियां करने का आरोप लगाया था। क्रशर लगभग एक साल से बंद था और इसे फिर से शुरू करने की कोशिशों के कारण और मतभेद पैदा हो गए थे।

ग्रामीणों का आरोप है कि वे क्रशर को दुबारा शुरू करने के प्रस्ताव के खिलाफ पिछले 10 से 15 दिन से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि रविवार शाम भडाना लगभग 40 से 50 लोगों के साथ साइट पर पहुंचे और ग्रामीणों को प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश की जिसके बाद टकराव शुरू हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखा गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़